मौसम के अचानक करवट बदल लेने से बढ़ी ठंड

0
539
File: Photo

पौड़ी,  जनपद पौड़ी गढ़वाल में मौसम केंद्र देहरादून ने जनपद में अगले 24 घंटे कहीं-कहीं तेज और झोंकेदार हवायें तथा ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। मौसम की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने लोगों से सावधानी पूर्वक रहने व जनपद स्तरीय अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा है। मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने आईआरएस सिस्टम से जुड़े अधिकारियों को मुस्तैद रहने को कहा है। 

उत्तराखंड में मौसम के मिजाज में बदलाव आया है। राजधानी देहरादून के साथ आसपास के क्षेत्रों में शनिवार सुबह तेज गर्जना के साथ बारिश हुई। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे और दिनों की अपेक्षा ठंड अधिक बढ़ गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 24 घंटों में कहीं-कहीं तेज और झोकेदार हवा चलने के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी किया है।

बारिश के साथ हवा चलने से मैदानी क्षेत्रों में ठंड में इजाफा हो गया। मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में आंशिक रूप से लेकर आम तौर पर बादल छाए रहेंगे। अनेक स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा व बर्फ पड़ सकती है। उन्होंने बताया कि 35 सौ मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थान में बर्फबारी की संभावना है।

मौसम के अचानक करवट बदल लेने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया। बारिश और तेज हवाओं ने दीपावली से पूर्व ही गर्म कपड़े पहनने के लिए लोगों को विवश कर दिया। बारिश के साथ तेज हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ाई।

आसमान में बादल छाने के साथ हल्की बारिश हुई। करीब एक घंटा बारिश होने के बाद भी आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद आसमान कुछ साफ हुआ, किन्तु तेज हवाओं के कारण लोगों को ठंड का प्रकोप झेलना पड़ा। बारिश के चलते जहां मौसम में ठंड़ बढ़ गई, वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण बढ़ी ठंड के चलते लोग गर्म कपड़े पहनने के लिए मजबूर हुए। वहीं प्रदेश के ऊपरी इलाकों खासकर बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री में हुई बर्फबारी का असर निचले इलाकों में भी दिखाई दिया। मौसम में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि सुबह-शाम मौसम में ठंड रहती थी, किन्तु शनिवार को मौसम दिन भर ठंडा रहा।