द्वितीय चरण में घटा मतदान का प्रतिशत, महिलाएं फिर भी आगे

0
409
FILE
गोपेश्वर,  चमोली जिले में द्वितीय चरण के चुनाव में जहां प्रथम चरण की अपेक्षा मतदान का प्रतिशत कम रहा, वहीं इस बार भी महिलाओं ने गांव की सरकार बनाने के लिए बढ़चढ़ कर अपनी भागेदारी निभाई। द्वितीय चरण में चमोली जिले में मतदान प्रतिशत 63.59 रहा। जबकि प्रथम चरण में 71.61 था। द्वितीय चरण में पंजीकृत महिला मतदाताओं की कुल संख्या 56352 थी, जिसमें से 40171 महिलाओं ने अपने मत का प्रयोग किया। वहीं पुरुष मतदाताओं की कुल संख्या 55684 है लेकिन सिर्फ 31071 ने ही अपने मत का प्रयोग किया।
द्वितीय चरण में विकास खंड गैरसैंण, कर्णप्रयाग और पोखरी में पंचायत चुनाव संपन्न हुए। दूसरे चरण के तहत तीनों ब्लॉकों में 63.59 प्रतिशत मतदान हुआ। पंचायत चुनाव में गैरसैंण ब्लॉक में 21319 पुरुष एवं 22213 महिला सहित कुल 43532 मतदाता पंजीकृत थे, जिसमें से 11935 पुरुष व 16933 महिला मतदाता सहित कुल 28868 मतदाताओं ने मतदान किया। गैरसैंण में 66.31 प्रतिशत मतदान हुआ।
कर्णप्रयाग ब्लॉक में 19631 पुरुष व 19785 महिला सहित कुल 24001 मतदाता पंजीकृत थे, जिसमें से 10631 पुरुष व 12933 महिला मतदाता सहित कुल 23564 मतदाताओं ने मतदान किया। कर्णप्रयाग में 59.78 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं पोखरी ब्लॉक में 14734 पुरुष व 14354 महिला सहित कुल 29088 मतदाता पंजीकृत थे, जिसमें से 8505 पुरुष व 10305 महिला मतदाता सहित कुल 18810 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां 64.67 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतदान की जिम्मेदारी निभाने में इस बार भी महिलाएं पुरुषों के मुकाबले ज्यादा सजग दिखीं। पहले चरण में 28367 पुरुषों और 30933 महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। जबकि दूसरे चरण में भी पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं ने अधिक मतदान कर गांव की सरकार बनाने में अपनी अहम भूमिका अदा की। द्वितीय चरण में सबसे कम मतदान कर्णप्रयाग विकास खंड में दर्ज हुआ। यहां पर 59.78 फीसदी मतदान हुआ, जबकि 66.31 प्रतिशत मतदान कर गैरसैंण सबसे ऊपर रहा। द्वितीय चरण में प्रथम चरण की अपेक्षा 9.02 प्रतिशत मतदान कम हुआ है।