चार सूत्री मांगों को लेकर दूसरे दिन भी भूख हड़ताल पर रहे ग्रामीण

0
566
पिथौरागढ़/मुनस्यारी। चार सूत्री मांगों को लेकर मंगलवार को तीन गांवों होकरा, खोयम, गौला के ग्रामीणों की होकरा के पंचायत घर में दूसरे दिन भी भूख हड़ताल जारी रही। शिक्षा, स्वास्थ्य, मोबाइल टावर, मोटर मार्ग इनकी चार मुख्य मांगें हैं।
मांगों के लिए भूख हड़ताल पर सोमवार को 22 अन्य लोग भी रहे। सभी ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने कहा कि दूसरे दिन भी प्रशासन का कोई नुमाइंदा नहीं आया | इस उपेक्षा से ग्रामीण नाराज हैं।
अनशनकारी स्थल पर डटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिला अधिकारी को एक वर्ष पूर्व इस संबंध में पत्राचार के माध्यम से बताया गया था। बीते 26 अगस्त 2018 को शिष्टाचार भेंट के माध्यम से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को भी इन समस्याओं के बारे में बताया गया लेकिन शासन और प्रशासन के कान में जूं तक नहीं रेंग रही है।
ग्रामीणों ने फैसला किया है कि मांगें पूरी न होने तक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि किसी भी घटना की संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। होकरा के ग्राम प्रधान और भूख हड़ताल पर बैठे सुदंर सिंह मेहता ने कहा कि हम कुछ दिन और इंतजार करेंगे और उसके बाद मुख्यमंत्री के स्थल पर आने के बाद ही उठेंगे।