हाथी की धमक से ग्रामीण परेशान

0
735

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के मिस्सरपुर गांव में गजराज का खौफ जारी है। दिन ढलते ही गांव में हाथी मंडराने लगता है। हाथी से डरे सहमे ग्रामीण घरों में कैद होने को विवश है। ग्रामीणों ने वन विभाग को भी सूचना दी, किन्तु हाथियों की रोकथाम के कोई ठोस उपाय नहीं हो पाए। कनखल से सटे मिस्सरपुर गांव में इन दिनों गजराज का आगमन लगातार जारी है। गजराज खेत की फसलों को तबाह कर रहा है। इसके अलावा हाथी के डर से ग्रामीण शाम ढलते ही घरों में कैद हो जाते हैं। बताते चलें कि मिस्सरपुर और पंजनहेडी गांव में ग्रामीणों के घर और खेत आसपास है। समीप ही जंगल होने के कारण जंगल से निकलकर हाथी खेतों में भोजन की तलाश में आता है। ग्रामीणों ने अपने खेतों में तारबाड़ भी कराई है। बावजूद इसके हाथी फसलों को नष्ट कर रहे हैं। जिस कारण ग्रामीण परेशान है। ग्रामीणों का खेती करना दुश्वार हो गया है। खेत खलिहानों को बर्बाद करने के बाद अब हाथी ने गांव की ओर आना शुरू कर दिया है। जिसके चलते ग्रामीण दहशत में आ गये हैं। ग्रामीण सुनील चौहान ने बताया कि नील गायों ने धान की फसल खराब कर दी थी। अब हाथियों ने गेहूं खराब कर दिए हैं। ग्रामीण शेखर चौहान ने बताया कि हाथी के कारण गांव के लोग पूरी तरह से दहशत में आ गए हैं। वन विभाग को सूचित किया जाता है। लेकिन ग्रामीणों को कोई मुआवजा नहीं मिलता है।