उत्तरकाशी में हिमपात से कई सड़कें बंद

0
872

उत्तरकाशी,  पहाड़ों पर दो दिनों से हो रही बर्फबारी से गंगोत्री-यमुनोत्री राजमार्ग सहित दर्जन भर सड़कें बंद हो गई। शनिवार से भटवाड़ी, रैथल, धराली, हर्षिल,यमुनोत्री के खरसाली, मोरी के दर्जनों गांव में बर्फबारी का क्रम जारी है। इन क्षेत्रों में पांच इंच से लेकर एक फीट तक हिमपात होने का अनुमान है।

शुरू हुए बर्फवारी से मोरी के जखोल, लिवाडी, फीताडी, ओसला सहित तीन दर्जन गांव बर्फ में कैद हो गए। वहीं सरबडीयार के आठ गांव, सहित गंगाघाटी के एक दर्जन गांवों में भारी बर्फबारी हुआ है। मौसम के बदले मिजाज से किसानों और बागवानों के चेहरे पर रौनक लौट आई है। खासकर सेब के फसल के लिए 90 दिन तक जीरो डिग्री से नीचे का तापमान चाहिए। 30 वर्षों बाद पहली बार अक्टूबर माह में बर्फबारी हुई।

दिसम्बर माह में एक बार फिर से अच्छी बर्फबारी हो रही है। खेती और पर्यावरण के लिहाज से पहाड़ों में लंबे समय से सीजन की बारिश नहीं होना चिंता का विषय बना था। गंगोत्री, हर्षिल, धराली, यमुनोत्री, मोरी, जखोला, सरबडियार में बर्फबारी जारी है। इससे नीचले इलाकों में ठंड बढ़ गई है। गंगाघाटी में हो रही बर्फबारी का आनंद उठाने पर्यटक भी हर्षिल से गंगोत्री धाम तक भारी संख्या में आ रहे हैं।