उत्‍तराखंड: पूर्व मंत्री दिवाकर भट्ट भाजपा में शामिल

0
1044
सिद्वार्थ

उत्तराखण्ड आन्दोलन के वरिष्ठ नेता व राज्य सरकार में मन्त्री रहे दिवाकर भट्ट भाजपा में शामिल हो गए। वह उत्तराखंड क्रांति दल में भी अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने देहरादून में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के सामने सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा प्रदेश कार्यालय पर आयोजित समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड सहित पूरे देश में भाजपा के प्रति विश्वास की लहर है। उत्तराखण्ड में सभी लोग भाजपा की ओर विश्वास की दृष्टि से देख रहे हैं।
उन्होंने कहा राज्य की जनता कांग्रेस के भ्रष्टाचार से त्रस्त आ चुकी है और वह परिवर्तन का मन बना चुकी है। भट्ट ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग भाजपा में आ रहे हैं और आने के इच्छुक है। हम किसी को न तो टिकट का आश्वासन दे रहे हैं और न ही कोई वायदा कर रहे हैं।
भट्ट ने दिवाकर भट्ट का पार्टी मे स्वागत करते हुए कहा कि इससे पार्टी को और ताकत मिलेगी। दिवाकर भट्ट ने कहा कि उन्होंने क्षेत्रीय दल से राजनीति शुरू की। उस समय हमें लगता था कि इस प्रकार हम प्रदेश का हित कर सकेंगे।
किंतु क्षेत्रीय दल का विचार भटक गया। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पर्वतीय राज्यों के प्रति सोच से प्रभावित होकर वह भाजपा में आए हैं