चुनाव प्रचार के लिए उत्तराखंड भाजपा का 28 सदस्यीय दल हरियाणा रवाना

0
471

देहरादून,  उत्तराखण्ड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पदाधिकारी, विधायक, मंत्री और वरिष्ठ कार्यकर्त्ताओं का 24 सदस्यीय दल लोकसभा चुनाव में पार्टी के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए रविवार को हरियाणा रवाना हुआ। जल्द ही दिल्ली सहित अन्य राज्यों में जाने वालों का नाम तय होगा।

भाजपा के प्रांतीय कार्यालय बलबीर रोड पर रविवार को पार्टी की हुई बैठक में हरियाणा दल के संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल और प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला ने दल के सदस्यों के साथ प्रचार की रणनीति पर चर्चा की। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. देवेन्द्र भसीन ने कहा कि हरियाणा में पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने के लिए पदाधिकारी, विधायक, दर्जा प्राप्त मंत्री एवं वरिष्ठ कार्यकर्त्ता सहित कुल 24 सदस्य रवाना हुए हैं।

महामंत्री नरेश बंसल ने कहा कि इस चुनाव में भाजपा नीत गठबंधन की जीत के साथ नरेन्द्र मोदी को दोबारा देश का प्रधानमंत्री बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी जिम्मेदारियों को तन्मयता से निभाना है। प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति गैरोला ने कहा कि यह चुनाव देश के भविष्य के साथ जुड़ा है। देश के सुखद और सुरक्षित भविष्य के लिए इस चुनाव में नरेन्द्र मोदी का पुनः प्रधानमंत्री बनना आवश्यक है। प्रदेश मीडिया प्रमुख के अनुसार हरियाणा के बाद अब दिल्ली के लिए भी कार्यकर्त्ता जाने वाले हैं।