मानसून से निबटने के लिए रुद्रपुर प्रशासन ने बनाई रणनीति

0
737
File: Photo
रुद्रपुर, आगामी मानसून के मद्देनजर जिला प्रशासन उधमसिंह नगर में अभी से तैयारियां शुरू हो गई है। जिलाधिकारी एनएस नबियाल ने एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में बाढ़ स्टेयरिंग कमेटी की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी बारिश से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्णं कर लें। इस दौरान उन्होंने पिछले पांच वर्षों में जलभराव एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का विवरण अधिकारियों से मांगा।
जिलाधिकारी ने कहा इस सम्बन्ध में सभी उपजिलाधिकारी अपने क्षेत्रो में पुलिस अधिकारियों, सिंचाई, लोनिवि, नगर पालिका, नगर पंचायत, नगर निगम की बैठक आयोजित करा लें। नबियाल ने कहा सभी नगर पालिका, नगर पंचायत, नगर निगम अपने-अपने क्षेत्रों की नाली आदि की साफ-सफाई 30 मई तक कराना सुनिश्चित करें। तहसील क्षेत्र के अन्तर्गत स्थापित किये जाने वाले कंट्रोल रूमों को समय पर संचालित करने के साथ ही जिन स्थानों पर बाढ़ चैकियां बनानी है, उनके प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा बाढ़ के समय लोगों को शरण देने के लिए जिन विद्यालयों आदि का चिन्हिकरण किया जाता है, उसमें मूलभूत सुविधाएं अवश्य होनी चाहिए। नबियाल ने पूर्ति अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि बारिश के सीजन को देखते हुए गैस व कैरोसीन का पर्याप्त स्टाक होना चाहिए। लोनिवि के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ से निपटने के लिए अभी से ट्रैक्टर ट्रॉली, क्रेन आदि की सूची ले ली जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी शैलजा भट्ट, एसएलओ नरेश दुर्गापाल, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, निर्मला बिष्ट, विवेक प्रकाश, एपी वाजपेयी, सुन्दर सिंह तोमर, एसपी प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।