मसूरी में कार हादसे में सांसद के बहन-बहनोई की मौत, दो घायल

    0
    644
    कार
    representational image
    नोयडा से मसूरी आए पति-पत्नी की कार खाई में गिरने से मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन में चालक सहित कुल चार लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि यह लोग मसूरी से देहरादून आ रहे थे। मृतक राज्यसभा के सांसद व जेडीयू के नेता केसी त्यागी के बहन बहनोई हैं।
    मसूरी में एक गांव में देवता पूजन के लिए गया था त्यागी परिवार
    वापस लौटते समय रात में खाई में गिर गई थी कार
    पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गढ़ीकैंट थाने से (किमाड़ी) मसूरी-देहरादून मार्ग पर एक इनोवा कार के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना पर मसूरी पुलिस, 108 एंबुलेंस और फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल एसआई जगदम्बा प्रसाद बिजल्वाण के नेतृत्व में मौके को रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंची टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया और गहरी खाई में गिरी कार से चार लोगों को निकाला। इस हादसे में शगुन त्यागी और उसके पति नीरज त्यागी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी आरुषि और चालक घायल हो गये। टीम ने तत्काल घायलों को मुख्य मार्ग तक पहुंचाया जहां से एंबुलेंस की मदद से दून स्थित कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां घायल आरुषि और चालक की हालत गंभीर बतायी जा रही है। साथ ही दोनों शवों को सिविल पुलिस के सुपुर्द किया गया। मृतक नीरज त्यागी पुत्र आम्पल (55), शगुन त्यागी पत्नी नीरज त्यागी (52) नोएडा के सेक्टर 40 रहते थे। इसके अलावा आरुषि त्यागी पुत्री नीरज त्यागी (27) और कार चालक अशोक (35) निवासी नोएडा गंभीर रूप से घायल हैं।
    बताया जा रहा है कि जेडीयू के राज्यसभा सांसद केसी त्‍यागी की बहन शगुन त्यागी, बहनोई नीरज त्यागी और भांजी आरुषि त्यागी मसूरी में एक गांव में देवता पूजन के लिए गए थे। बीती रात वापस लौटते वक्‍त देहरादून-मसूरी मार्ग पर किमाड़ी गांव के पास उनकी इनोवा कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इनोवा कार में तीन सदस्य एक ही परिवार के थे, जबकि एक ड्राइवर था।