औली में बर्फबारी, कई पर्यटकों को वाहन में ही गुजारनी पड़ी रात

0
713
चमोली जिले के जोशीमठ-औली मार्ग पर बर्फबारी से पर्यटकों को खासी दिक्कतों का समाना करना पड़ा। सड़क पर बर्फबारी होने से यहां दो दर्जन वाहन सड़क पर फंस गये थे। ऐसे में यहां वाहनों के निकालने की कोई व्यवस्था न होने के चलते कई पर्यटकों को वाहन में ही रात गुजारनी पड़ी। इसके बाद शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग की ओर से बर्फ हटाये जाने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने पर्यटकों को निकाला।
जोशीमठ क्षेत्र में हुई बर्फबारी के बाद जोशीमठ-औली मार्ग पर बर्फ जम जाने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई थी। यहां सड़क पर आवाजाही कर रहे कई पर्यटकों के वाहन फंस गये थे। यहां वाहनों को निकालने की कोई व्यवस्था न होने के चलते वाहन यहां फंसे रहे। पर्यटक अश्विन कुमार  और नरेश कुमार का कहना है कि वाहन फंस जाने के चलते कई लोगों ने अपने परिवार के साथ सड़क पर ही पूरी रात गुजारी। इसके बाद सुबह होने पर लोक निर्माण विभाग, प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शुक्रवार शाम चार बजे सड़क तक यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। जोशीमठ के थाना प्रभारी जयपाल नेगी ने कहा कि जोशीमठ-औली सड़क पर बर्फबारी होने से कुछ वाहन सड़क पर फंसे हुए थे। वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं, जिसके समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग से कहा गया है।