भूस्खलन रोकने के लिए किया पौधरोपण

0
718

गोपेश्वर। वाल्मिकी मंदिर समिति के तत्वावधान में शनिवार को राजकीय बालिका इंटर कालेज गोपेश्वर के भूस्खलन क्षेत्र के भूस्खलन को रोकने के लिए पौधरोपण किया गया। युवाओं ने यहां पर सौ से अधिक विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया।
राबाइका गोपेश्वर के मुख्य भवन के बगल से लंबे समय भूस्खलन हो रहा है। इसको लेकर विद्यालय प्रशासन भी काफी परेशान है| इसको रोकने के लिए प्रशासन से इसके ट्रीटमेंट की मांग कर चुका है लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। शनिवार को वाल्मिकी मंदिर समिति के युवाओं ने यहां पर पौधरोपण किया ताकि भूस्खलन रुक सके। युवाओं ने यहां पर सौ से अधिक विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया। साथ ही विद्यालय परिसर में फलदार व छायादार पौधों का भी रोपण किया गया। वाल्मिकी मंदिर समिति के अध्यक्ष संदीप कुमार कहते हैं कि काफी समय से उनकी समिति यहां पर पौधरोपण करने के लिए सोच रही थी ताकि यहां पर भूस्खलन को रोकने की दिशा में प्रयास किया जा सके। उन्होंने अपने समुदाय के युवाओं से इस बारे में बातचीत कर इसे साकार रूप देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि वे इन पौधों के संरक्षण के लिए भी प्रयास करते रहेंगे। इस अवसर पर समिति के पूर्व अध्यक्ष कैलाश चंद्र पंवार, संजीव कुमार, राहुल कुमार, मुकेश, चमन लाल, महिपाल, संजय कुमार, अमित, जीतेंद्र, मिथुन, राजकुमार आदि मौजूद थे।