सुनील शेट्टी को कानूनी नोटिस

0
510

मुंबई, विवादों से अक्सर दूर रहने वाले सुनील शेट्टी इस बार एक नए विवाद में फंस गए हैं और सुनील शेट्टी के साथ इस विवाद का कनेक्शन उनकी बेटी अथिया शेट्टी की निर्माणाधीन फिल्म से है।

मिली जानकारी के अनुसार, अथिया शेट्टी के साथ नवाजुद्दीन सिद्दीकी की जोड़ी की प्रमुख भूमिकाओं वाली फिल्म मोतीचूर चकनाचूर हाल ही में शुरु हुई थी। इस फिल्म का निर्माण राजेश भाटिया और निर्देशन देबमित्रा हसन कर रहे हैं। निर्माता का आरोप है कि सुनील शेट्टी इस फिल्म के निर्माण और संपादन के काम में लगातार दखल अंदाजी कर रहे हैं। इसी आरोप के साथ निर्माता की ओर से सुनील शेट्टी को लीगल नोटिस भेजकर उनको इस फिल्म से दूर रहने और निर्माता के दफ्तर में न आने के लिए कहा गया है। सुनील शेट्टी की मीडिया टीम ने इस खबर पर कोई प्रतिक्रिया अभी तक नहीं दी है।

सुनील शेट्टी की बेटी अथिया को सलमान खान की कंपनी में बनी फिल्म हीरो से आदित्य पंचोली के बेटे सूरज के साथ लांच किया गया था, लेकिन फिल्म नहीं चली। हीरो के बाद अनीस बज्मी की फिल्म मुबारकां में अथिया की जोड़ी अर्जुन कपूर के साथ थी, लेकिन बाक्स आफिस पर ये फिल्म भी फ्लाप रही थी। इसके बाद अथिया को नवाजुद्दीन के साथ इस फिल्म में काम करने का मौका मिला था, जिसे लेकर वे कुछ दिनों पहले तक काफी खुश नजर आ रही थीं।