उत्तराखंड के 287 लोग यूक्रेन और आसपास के देशों में हैं फंसे, 86 लौटे वापस

    0
    360
    युक्रेन

    उत्तराखंड के 287 लोग यूक्रेन सहित आस-पास के देशों में फंसे हैं। इनमें से अब तक 86 लोग सकुशल घर वापस लौट चुके हैं। इनमें अधिकांश छात्र-छात्राएं और अन्य शामिल हैं। शेष अन्य छात्रों और लोगों के लाने के लिए सरकार की ओर से प्रयास तेजी से जारी हैं।

    गुरुवार को सचिवालय में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से मुख्य सचिव डॉ. एस.एस.संधू ने सभी जिलाधिकारियों को यूक्रेन में फंसे उत्तराखंड के छात्र और अन्य नागरिकों के परिजनों से लगातार संपर्क स्थापित कर जानकारी ली। इस दौरान वे शासन और दिल्ली स्थित स्थानिक आयुक्त कार्यालय को शीघ्र से शीघ्र साझा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी सूचनाओं का आदान-प्रदान एम.ई.ए को शीघ्रता से किया जाए ताकि यूक्रेन छात्रों और अन्य नागरिकों को शीघ्रता से निकाला जा सके।

    मुख्य सचिव ने कहा कि यदि किसी सोशल मीडिया जैसे फेसबुक और ट्विटर आदि के माध्यम से किसी छात्र या अन्य नागरिक के फंसे होने की जानकारी मिलती है, लेकिन लोकेशन ट्रैक नहीं हो पा रही है कि ये कहां हैं, इसके लिए एडीजीपी इंटेलिजेंस से संपर्क में रहें।

    मुख्य सचिव ने बताया कि अभी तक उत्तराखंड के 287 लोगों की सूचना प्राप्त हो चुकी है, जो यूक्रेन और उसके आस-पास के देशों में फंसे हैं, जिनमें से 86 सकुशल घर वापस लौट चुके हैं। उन्होंने बताया कि यूक्रेन में फंसे छात्रों और उत्तराखंड में निवासरत उनके परिवारजनों के मोबाइल नम्बर को जोड़ते हुए 03 व्हाट्स एप ग्रुप बनाये गए हैं। इन ग्रुपों में सभी वरिष्ठ अधिकारी भी जुड़े हैं। यूक्रेन में फंसे छात्रों के परिजनों से जिला स्तर के अधिकारी व्यक्तिगत रूप से निरन्तर सम्पर्क बनाए हुए हैं।

    मुख्य सचिव ने बताया कि दिल्ली और मुम्बई में राज्य की ओर से यूक्रेन से आने वाले उत्तराखंड वासियों के लिए समन्वय केन्द्र बनाया गया है। सभी आगन्तुकों के लिए ठहरने और खाने की व्यवस्था की गई है। दिल्ली से अपने गन्तव्य तक लाने की व्यवस्था राज्य की ओर से की गई है।

    उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि यूक्रेन और उसके आस-पास के देशों में फंसे उत्तराखंड के जिन नागरिकों या उनके परिजनों से अभी तक सम्पर्क नहीं हो पाया है, प्राप्त डाटा के आधार पर उनके परिजनों से सम्पर्क स्थापित करने के लिए टीम भेजी जाए। सकुशल वापस लाने और बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए जनपद और तहसील स्तर पर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। शासन, प्रशासन और पुलिस की ओर से आपसी समन्वय से सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

    बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी,आनन्द बर्द्धन,प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु,एडीजी इंटेलीजेंस संजय गुंज्याल,सचिव एस.ए.मुरुगेशन सहित वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारी उपस्थित थे।