राज्य स्तरीय दिव्यांग खेल महाकुंभ का शुभारंभ

0
988

रूद्रपुर। दो दिवसीय राज्य स्तरीय खेल महाकुम्भ 2019 दिव्यांग वर्ग (महिला एवं पुरूष) का शुभारम्भ गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक राजकुमार ठुकराल व मुख्य विकास अधिकारी मयूर दीक्षित ने संयुक्त रूप से किया।
रूद्रपुर स्टेडियम में आयोजित खेल महाकुम्भ में ठुकराल ने सभी जनपदों से आए खिलाड़ियों को शुभमामनाएं दी। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि खेलों को खेल नियमों व खेल भावनाओं से खेलते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं। यह सौभाग्य की बात है कि राज्य स्तरीय खेल इस जनपद में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के मन में आत्मविश्वास जगाने के लिए यह खेेल कराए जा रहे हैं। यदि दिल में जज्बा हो तो कोई काम कठिन नहीं होता है।
युवा कल्याण विभाग के उप निदेशक अजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए समय-समय पर इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है। इसी क्रम मे विगत वर्ष खेल महाकुम्भ का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के चार लाख खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जनपदों में अलग-अलग तरह की राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएंगी। खिलाड़ियों के लिए जो भी सुविधाएं सरकार द्वारा प्राप्त होती हैं, उन्हे युवा कल्याण विभाग खिलाडियों तक पहुंचाता है।
इस अवसर पर अर्जुन अवार्ड विजेता मनोज सरकार, डिसएबल सोसाइटी के महासचिव हरीश चैधरी व शरद चन्द्र जोशी को अंगवस्त्र दे कर सम्मानित भी किया गया। साथ ही पीएसी की बैंडधुन व सनातन धर्म इण्टर कालेज की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया तथा मतदाता जागरुकता कार्यक्रम के अन्तर्गत लोगों को अपने मताधिकार के लिए जागरूक करने के लिए मतदाता शपथ भी दिलाई गई।