भारत के औद्योगिकीकरण में दक्षिण कोरिया महत्वपूर्ण भागीदार : राष्ट्रपति

0
867

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में कोरिया गणराज्य के नेशनल असेंबली के अध्यक्ष चुंग सिई क्यून के नेतृत्व में कोरिया के संसदीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। कोविंद ने दक्षिण कोरियाई निवेशकों द्वारा भारत को एक निवेश स्थल के रूप में देखने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि भारत तेजी से औद्योगिकीकरण के प्रयासों में दक्षिण कोरिया को एक महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में देखता है।
राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि भारत और कोरिया के प्रजातांत्रिक मूल्य व आर्थिक दृष्टि समान हैं। साथ ही दोनों देशों के सामरिक हित भी एक जैसे हैं। उन्होंने कहा कि हमें दक्षिण कोरिया के विकास की प्रशंसा करनी होगी क्योंकि प्रारंभिक दिनों में इसकी आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियां कठिनाइयों से भरी थीं। इसके बावजूद इस देश ने विश्व को अपना लोहा मनवाया है। उन्होंने दृढ़ संकल्प की सराहना की जिसके साथ दोनों लोग और दक्षिण कोरिया के नेतृत्व ने अपने देश के विकास के लिए काम किया।
उन्होंने कहा कि भारत में पिछले सप्ताह भारत में हुए दूसरे भारत-दक्षिण कोरिया व्यापार सम्मेलन में शीर्ष कोरियाई कंपनियों की बड़ी भागीदारी इस बात का एक प्रमाण है। भारत तेजी से औद्योगिकीकरण के प्रयासों में दक्षिण कोरिया को एक महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में देखता है। हम मेक इन इंडिया, क्लीन इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसे प्रमुख परियोजनाओं में दक्षिण कोरिया की भागीदारी के लिए तत्पर हैं।