अगला अध्यक्ष चुने जाने तक सोनिया गांधी होंगी कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष

0
365
नई दिल्ली, कांग्रेस कार्यसमिति की शनिवार रात यहां हुई बैठक में एकमत से अगले अध्यक्ष के चुनाव तक पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को अंतरिम अध्यक्ष बनाने पर सहमति बनी है। सोनिया गांधी ने कार्यसमिति के इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।
कांग्रेस कार्यसमिति की शनिवार को दूसरी बार हुई बैठक में तीन प्रस्ताव पारित किए गए । प्रस्तावों की जानकारी देते हुए कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कार्यसमिति ने एकमत होकर अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सत्र में अगला अध्यक्ष चुने जाने तक सोनिया गांधी से अंतरिम अध्यक्ष का पद संभालने का अनुरोध किया है। सोनिया गांधी ने इसे स्वीकार कर लिया है। एक प्रश्न के उत्तर में सुरजेवाला ने बताया कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक को अध्यक्ष के अनुरोध पर कभी भी बुलाया जा सकता है और कार्यसमिति केवल अंतरिम अध्यक्ष का चयन कर सकती है। अध्यक्ष पद का चुनाव अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सत्र में चुनाव के माध्यम से किया जाता है।
सुरजेवाला ने देर रात पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक के बाद पत्रकारों को जानकारी दी कि कार्यसमिति में अन्य पारित प्रस्ताव के मुताबिक सरकार से अनुरोध किया गया है कि वह कश्मीर के हालात जानने के लिए विपक्षी दलों के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल को राज्य की यात्रा पर जाने की अनुमति दे। पार्टी ने अपने प्रस्ताव में जम्मू-कश्मीर में पूरी तरह से ब्लेकआउट किए जाने और राज्य के राजनीतिक दलों के नेताओं को नजरबंद किए जाने पर चिंता जाहिर की है। इसके अलावा पार्टी ने राहुल गांधी को पार्टी का नेतृत्व करने के लिए प्रस्ताव पारित कर धन्यवाद भी दिया है और उनसे आगे भी सहयोग जारी रखने का अनुरोध किया है।
इससे पहले कांग्रेस कार्यसमिति की शनिवार सुबह 11 बजे भी बैठक हुई थी। उसमें कार्यसमिति को पांच समूहों में बांटकर देशभर से अगले अध्यक्ष के रूप में किसे तय किया जाए इसपर सुझाव लिए गए। देर शाम करीब 9 बजे बैठक शुरु हुई जिसमें पार्टी के सभी बड़े नेताओं ने भाग लिया। उसके बाद दो घंटे चली बैठक में अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर सोनिया के नाम पर मुहर लगाई गई।