चमोली जिले के ऊंचाई वाले स्थानों पर फिर हिमपात

0
758

गोपेश्वर। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार शुक्रवार को चमोली जिले में मौसम ने करवट बदली और सुबह से ही उंचाई वाले स्थानों पर जमकर हिमपात और निचले हिस्सों में वर्षा हुई। इससे वातावरण में काफी ठंड हो गई है। लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं।

हिमक्रीड़ा स्थली औली में लगभग छह फीट के आसपास बर्फ जम गई है। जिससे नीति घाटी मोटर मार्ग समेत जिले की कई सड़कें भारी बर्फबारी से बंद हो गई हैं। कई लिंक मोटर मार्ग सहित पैदल आने जाने के रास्ते भी बर्फवारी से बंद हो गए हैं|लोगों का ब्लाॅक मुख्यालयों से संपर्क कट गया है। कई ग्रामीण इलाकों में बिजली बाधित चल रही है और पानी के पाइप जमने के कारण लोग बर्फ पिघला कर ही पानी बना रहे हैं।

चमोली जिले में गुरुवार को मौसम साफ था। गुनगुनी धूप का लोगों ने खूब लुफ्त उठाया लेकिन अपराह्न बाद मौसम ने करवट बदलनी शुरू की और आसमान में बादल छाने लगे। शुक्रवार की सुबह निचले स्थानों पर वर्षा तो ऊपरी इलाकों में बर्फबारी होने लगी। ठंड बढ़ने के कारण लोग घरों में ही दुबके रहे। ऊपरी इलाकों में हो रही बर्फबारी के कारण जनजीवन ठप हो गया है। भारी बर्फबारी के कारण लोग घरों में ही कैद हो गए हैं।

पैदल रास्तों में बर्फ जमने के कारण लोग बाहर निकलने का जोखिम उठाने को तैयार नहीं हैं। भारी बर्फबारी के कारण नीति घाटी, वाण मोटर मार्ग, चोपता, गैरसैण-दीवाली खाल मोटर मार्ग बंद हो गया है। जोशीमठ विकास खंड, देवाल विकास खंड, थराली, घाट के ऊपरी इलाकों का संपर्क भी भारी बर्फबारी के कारण ब्लाॅक मुख्यालयों से कट गया है। देवाल के वाण क्षेत्र में भारी बर्फबारी से पिछले चार दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप है। पानी के नल जम जाने के कारण लोग बर्फ पिघलाकर ही पानी का बना रहे हैं।