डेंगू के बढ़ते खतरे को देख निगम ने शुरू की फाॅगिंग

0
335
ऋषिकेश,  तीर्थ नगरी ऋषिकेश में डेंगू के बढ़ते खौफ को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फाॅगिंग शुरू करा दी है। नगर की मलिन बस्तियों में निगम का फाॅगिंग अभियान जारी है। जगह-जगह फाॅगिंग कराकर डेंगू के मंडरा रहे खतरे को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
शहर में मच्छरों का प्रकोप दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। पूरा शहर मच्छरों के चपेट में है। शाम होते ही मच्छरों का हमला बढ़ जाता है। बरसात के मौसम में मच्छर जनित विभिन्न बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। नगर निगम प्रशासन के मुख्य नगर आयुक्त  चतर सिंह चौहान का कहना है कि मच्छरों से निपटने के लिए फॉगिंग व एंटी लार्वा के छिड़काव कराने की बात भले ही कर रहें हों, लेकिन मच्छरों पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों की परेशानी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। वैसे तो मच्छरों के आतंक से पूरा शहर परेशान है।
देखा यह जा रहा है कि जिन क्षेत्रों में जल जमाव समस्या है, वहां मच्छरों का प्रकोप ज्यादा है। चन्द्रभागा बस्तीवासी मच्छरों की समस्या से ज्यादा परेशान हैं। इन क्षेत्रों के लोगों का कहना है कि भले ही नगर निगम ने एंटी लार्वा व फॉगिंग करने का निर्देश जारी किया हो लेकिन इन क्षेत्रों में अभी तक एंटी लार्वा का छिड़काव नहीं किया गया, जिसके कारण मच्छरों का हमला बढ़ता ही जा रहा है। उधर टूटे नाले के ढक्कन और भी परेशानी बढ़ा रहे हैं। महत्वपूर्ण यह है कि शहरी क्षेत्र ज्यादातर गलियों से घिरा है। अधिकांश गलियों में सड़क के दोनों छोर पर नाली का निर्माण किया गया है, जिन गलियों के नालियों के ढक्कन टूटे हैं वहां दिक्कत ज्यादा है। इन क्षेत्रों में मच्छर झुंड के झुंड नाले से निकलकर घरों में घुसते हैं। शाम होने से पहले ही उधम मचाना शुरू देते हैं। लेकिन निगम प्रशासन अब जाग रहा है।