रुद्रप्रयाग की डीएम वंदना ने गड़मिल गांव के खेतों में काटी फसल, सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल

0
869
रुद्रप्रयाग
रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी वंदना सिंह भी अब टिहरी जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल और चमोली जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की राह पर चलने लगी हैं। वह भी ग्रामीण इलाकों में जाकर जनता से मिल रही हैं और उनकी समस्याओं को सुन रही हैं। इसके साथ ही जिला कार्यालय में डीएम वंदना अधिकारियों की बैठक लेकर जल्द से जल्द जनता के कामों को करने के निर्देश दे रही हैं। उनका व्यवहार जनता को पसंद आने लगा है। डीएम वंदना ने ग्राम गडमिल में जाकर फसल की कटाई की। उनकी यह तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी पसंद की जा रही है और उनके कार्यो की तारीफ की जा रही है।
टिहरी जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने पूर्व में जनपद की कमान संभालते हुए जनता की दिलों पर राज किया। दिन हो या रात वे जनता के लिए समर्पित रहे। वे हर व्यक्ति से मिलना और उनसे बात करना पसंद करते हैं। जिले में रहकर उन्होंने हर गांव का दौरा किया और जनता की परेशानियों को समझा। उनके यहां रहते हुए अधिकारी भी सजग दिखे और कामों को समय से निपटाया गया। वे दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में जाकर ग्रामीणों से मिलते थे और उनकी फसलों की कटाई में उनका साथ देते हुए उन्हें जानकारी दिया करते थे और अब उनके नक्शे कदम पर जिलाधिकारी वंदना भी चल रही हैं। विकासखंड अगस्त्यमुनि के अंतर्गत खेतों की मानक पैदावार के आंकलन को लेकर जिलाधिकारी वंदना ग्राम गडमिल पहुंची। उन्होंने ग्राम गड़मिल में कलम सिंह के खेत में धान की फसल के औसत आंकलन के लिए तीस वर्ग मीटर क्षेत्रफल में धान की कटाई की, जिसमें पांच किलो सौ ग्राम धान की फसल का उत्पादन हुआ है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि फसल कटाई प्रयोग जिले में फसल कटाई से पूर्व फसल के औसत पैदावार के आंकलन के लिए किया जाता है। वर्ष में दो बार खरीफ व रबी की फसल में फसल कटाई का प्रयोग किया जाता है। किसी क्षेत्र में कितना उत्पादन होगा, उसके लिए खेत का चयन किया जाता है। इससे जिले में हो रहे उत्पादन की सटीक जानकारी हासिल करने में मदद मिलती है। इसके साथ ही औसत पैदावार की गणना और नुकसान अथवा फसल खराब होने के आंकलन के लिए फसल कटाई का प्रयोग किया जाता है। इसी के आधार पर फसल के नुकसान अथवा खराब होने पर बीमे के लाभ की गणना की जाती है। इस दौरान जिलाधिकारी वंदना सिंह ने फसल की कटाई की। उनकी यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और जनता उनकी प्रशंसा कर रही है। इस अवसर पर प्रधान गड़मिल यशवंत सिंह बुटोला, सांख्यिकीय अधिकारी रंजीत शाह, अपर सांख्यकीय अधिकारी कुसुम सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।