52 की हुईंं रूपा गांगुली, द्रोपदी के किरदार से हुई थी घर-घर में मशहूर

0
1094
टेलीविजन और फिल्म जगत में अपनी खास पहचान बना चुकीं उत्कृष्ट अदाकारा रूपा गांगुली आज अपना 52वां जन्मदिन मना रही हैं। रूपा का जन्म 25 नवम्बर 1966 को कोलकाता में हुआ था। गांगुली ने अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट 1985 में आई फिल्म ‘साहेब’ से की थी। इसके बाद उनकी  दूसरी भूमिका वाली  1986 में आई फिल्म ‘इथिले इनियम वारु’ थी। यह फिल्म मलयालम भाषा में थी। इस फिल्म में वह ममूटी के साथ बतौर मुख्य अभिनेत्री नजर आई।
इसके बाद उन्हें 1988 में बीआर चोपड़ा ने दूरदर्शन  पर प्रसारित होने वाले पौराणिक धारावाहिक ‘महाभारत’ में ब्रेक दिया। इस धारवाहिक में वह द्रोपदी का किरदार निभा कर घर-घर में मशहूर हो गई।
रूपा गांगुली ने साल 1992 में मैकेनिकल इंजीनियर ध्रुव मुखर्जी से शादी कर ली, लेकिन 14 साल बाद 2007  में दोनों ने तलाक ले लिया। उनका एक बेटा आकाश मुखर्जी है। रूपा गांगुली छोटे पर्दे पर करम अपना अपना, लव स्टोरी, वक्त बताएगा कौन अपना कौन पराया, कस्तूरी, अगले जनम मोहे बिटिया ही कीजो और कुछ तो है तेरे मेरे दरमियां जैसे धारावाहिकों में अभिनय किया।
इसके अलावा उन्होंने कई फिल्मों में उत्कृष्ट अभिनय किया, जिसमें पोद्मा नोदीर माझी, युगांत, अंतरमहल, बहार आने तक, एक दिन अचानक, प्यार का देवता, सौगंध, निश्चय आदि शामिल हैं। साल 2015 में उन्होंने राजनीती में कदम रखा और भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई और 2016 में  राज्यसभा सदस्य चुनी गईंं। फिलहाल वह अभिनय की दुनिया से दूर राजनीति में सक्रिय है।