मुंबई, रणबीर कपूर का कहना है कि उनके पापा ऋषि कपूर जल्दी ही अपने घर लौट आएंगे। रणबीर कपूर ने अपने पापा की वापसी के लिए कोई निर्धारित समय नहीं बताया, लेकिन उन्होंने संकेत दिए कि अगले दो महीनों में उनकी घर वापसी हो सकती है।
रणबीर ने अपने पापा की सेहत को लेकर स्पष्ट कहा कि उनका स्वास्थ अब पूरी तरह से अच्छा है और अमेरिका में उनका ट्रीटमेंट अब अंतिम चरण में है। रणबीर कपूर ने कहा कि पिछले एक साल के दौरान उनके पापा ने बहुत तकलीफों का सामना किया।
रणबीर ने कहा कि, “परिवार में हम सब उनके साथ थे, फिर भी परेशानियों का सामना उन्होंने हौसले से किया और खुद को कभी कमजोर नहीं होने दिया। रणबीर ने साथ ही अपनी मां नीतू कपूर सिंह और बहन रिद्धिमा के लिए भी कहा कि वे दोनों हमेशा उनके पापा के साथ चट्टान की तरह रहीं।”
रणबीर अपने पापा को देखने के लिए अमेरिका आते-जाते रहे। एक साल के ट्रीटमेंट के बाद अब ऋषि कपूर को कैंसर मुक्त कर दिया गया है। ऋषि कपूर को लेकर सबसे पहले ये खबर निर्देशक राहुल रवैल ने दी, जो कपूर परिवार के काफी करीब हैं। इसके बाद ऋषि कपूर के बड़े भाई रणधीर कपूर ने इसकी पुष्टि की और बाद में खुद ऋषि कपूर ने सोशल मीडिया पर खुद के कैंसर मुक्त होने की घोषणा कर दी।
कपूर परिवार से जुड़े एक फिल्मकार के मुताबिक, ऋषि कपूर की वापसी के बाद कपूर परिवार एक बड़ा जश्न मनाएगा, जिसमें पूरा खानदान एक साथ होगा। दूसरी ओर, रविवार को दीपिका पादुकोण ने अमेरिका के अस्पताल में जाकर ऋषि कपूर से मुलाकात की। खुद ऋषि कपूर ने दीपिका और नीतू के साथ सोशल मीडिया पर नई फोटोज शेयर कीं। हाल ही में रणवीर सिंह के साथ शादी करने वाली दीपिका पादुकोण एक वक्त कपूर परिवार के काफी करीब हो गई थीं, जब रणबीर कपूर के साथ उनका अफेयर जोर शोर से चल रहा था।


















































