असम पर्यटन के विज्ञापनों की शूटिंग में व्यस्त बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा

0
935

बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री व पूर्व मिस वर्ल्ड तथा असम पर्यटन की ब्रांड अंबेसडर प्रियंका चोपड़ा असम पर्यटन के विज्ञापनों की शूटिंग में व्यस्त दिखीं। ज्ञात हो कि प्रियंका चोपड़ा विशेष चार्टर प्लेन से अपने क्रू सदस्यों के साथ ऊपरी असम के जोरहाट जिला शहर शनिवार की शाम को पहुंची थीं।

बॉलीवुड अभिनेत्री 03 दिनों तक ऊपरी असम के विभिन्न इलाकों में असम पर्यटन के लिए विज्ञापनों की शूटिंग करने के लिए पहुंची हैं। रविवार को जोरहाट चाय बागान में डेढ़ सौ वर्ष पुराने एक पेड़ के नीचे हाथी की सवारी कर शूटिंग की। इसके बाद वे काजीरंगा के गोल्फ रिसोर्ट में शूटिंग करने के लिए पहुंची। सूत्र ने बताया है कि रविवार की शाम तक वे विभिन्न स्थानों पर शूटिंग में व्यस्त रहेंगी। रविवार को वे बिहू नृत्य, सकलंग मैदान में परंपरागत विवाह में बहू के रूप में भी शूटिंग करेंगी।

ज्ञात हो कि असम सरकार ने प्रियंका चोपड़ा को 2 वर्षों के लिए असम पर्यटन विभाग का ब्रांड अंबेसडर बनाया है। इनके जरिए असम की कला, संस्कृति, ऐतिहासिक स्थल, जंगल, पहाड़, खान-पान, वेशभूषा को वैश्विक स्तर पर प्रचारित कर राज्य में पर्यटन उद्योग को नई गति देने की कोशिश की है। सरकारी सूत्रों ने बताया है कि प्रियंका के ब्रांड अंबेसडर बनने के बाद राज्य में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है, जो असम के लिए शुभ संकेत है।