ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स तीन दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे

0
527

नई दिल्ली,  ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स बुधवार को तीन दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे। उन्होंने यहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की।

चार्ल्स अपनी भारत यात्रा के पहले दिन सबसे पहले भारतीय मौसम विज्ञान विभाग पहुंचे और वहां अधिकारियों से जलवायु परिवर्तन पर बातचीत की।  उनकी इस यात्रा का उद्देश्य भारत-ब्रिटेन के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती और स्थिरता देन के साथ ही जलवायु परिवर्तन जैसी साझा वैश्विक चुनौतियों पर भी मंत्रणा करना है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद चार्ल्स राष्ट्रपति भवन पहुंचे जहां उन्होंने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ द्विपक्षीय सम्बंधों के साथ ही कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

कोविंद से मुलाकात के बाद ब्रिटिश साम्राज्य के प्रिंस बंगला साहिब गुरुद्वारे पहुंचे। ब्रिटेन में सिख समुदाय के योगदान को चिह्नित करने के लिए उन्होंने गुरु नानक देव की 550वीं जयंती पर इस गुरुद्वारे में मत्था टेका।

चार्ल्स ने प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध में भारतीय सैनिकों के बलिदान को सम्मान देने के लिए राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। अपनी यात्रा के दौरान ब्रिटिश प्रिंस राजनीति, उद्योग और दूसरे क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे।