दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रामफौसा का राष्ट्रपति भवन में हुआ औपचारिक स्वागत

0
563

नई दिल्ली, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति मातमेला सिरिल रामफौसा का शुक्रवार को यहां राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद वह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए राजघाट भी गए। वह आज सुबह अपनी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे थे। रामफौसा शनिवार को आयोजित होने वाले 70वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि हैं।

राष्ट्रपति भवन में आयोजित राजकीय सम्मान समारोह में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति मातमेला सिरिल रामफौसा को सेना के तीनों अंगों की टुकड़ी ने गार्ड-ऑफ-ऑनर दिया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने मंत्रिमंडल के साथ मौजूद थे।

इस मौके पर दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और दक्षिण अफ्रीका के स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाने वाले नेलसन मंडेला को याद किया।

इसके बाद वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर राजघाट गए और पुष्पांजलि अर्पित की।

सिरिल रामफौसा यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय, भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच समझौतों का आदान-प्रदान, भारत-दक्षिण अफ्रीका बिजनेस फोरम सहित कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।