कलंक के महिला किरदारों के पोस्टर हुए जारी

0
663

मुंबई, कल विश्व महिला दिवस के मौके पर करण जौहर की कंपनी की आने वाली मल्टीस्टारर फिल्म कलंक के महिला किरदारों के पहले पोस्टर सोशल मीडिया पर लांच किए गए।

कलंक में काम करने वाली तीनों अभिनेत्रियों माधुरी, दीक्षित, आलिया भट्ट और सोनाक्षी सिन्हा के पोस्टर सोशल मीडिया पर लांच किए गए। कल इसी फिल्म के पुरुष किरदारों को निभाने वाले संजय दत्त, वरुण धवन और आदित्य राय कपूर के पोस्टर जारी किए गए थे। आज जारी पोस्टरों के मुताबिक, माधुरी दीक्षित इस फिल्म में बहार बेगम का किरदार निभा रही हैं, जो एक मुजरे वाली महिला का किरदार है और सूत्रों के अनुसार, वे फिल्म में वरुण धवन की मां का रोल कर रही हैं। वरुण इस फिल्म में जफर का किरदार निभा रहे हैं। वरुण धवन के साथ इस फिल्म में आलिया भट्ट की जोड़ी है और आलिया भट्ट का पोस्टर भी जारी हुआ है। वे इस फिल्म में रुप का किरदार निभा रही हैं। तीसरा महिला किरदार सत्या का है, जिसे सोनाक्षी सिन्हा ने निभाया है।

सोनाक्षी की जोड़ी आदित्य राय कपूर के साथ बताई जाती है। सूत्रों के मुताबिक फिल्म की कहानी दो सौतेले भाईयों वरुण और आदित्य राय कपूर की है। संजय दत्त इनके पिता का रोल निभा रहे हैं, जो आदित्य राय कपूर की मां से शादी करते हैं। अब तक कहा जा रहा था कि संजय दत्त और माधुरी दीक्षित ने इस फिल्म के लिए एक फ्रेम में साथ कैमरे का सामना नहीं किया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि दोनों के साथ साथ कई सीन हैं। 90 के दशक की ये मशहूर जोड़ी अलगाव के बाद अब साथ काम कर रही है। इससे पहले माधुरी ने संजय दत्त के साथ फिल्मों के कई प्रस्ताव ठुकरा दिए थे।

कलंक का निर्देशन अभिषेक वर्मन ने किया है और साजिद नडियाडवाला की कंपनी ने करण जौहर की कंपनी के साथ मिलकर 150 करोड़ के बजट वाली इस फिल्म का निर्माण किया है। फिल्म इसी साल अप्रैल में रिलीज होनी है, लेकिन इसकी तारीख का एलान अभी नहीं हुआ है।