यमुनोत्री-गंगोत्री धाम में पॉलीथिन रहेगा प्रतिबंधित

0
693
Polythene waste left behind in places
Polythene waste left behind in places

उत्तरकाशी, यमुनोत्री-गंगोत्री धाम में पॉलीथिन व धूम्रपान पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। जिलाधिकारी आशीष चौहान ने अधिकारियों संग यमुनोत्री और गंगोत्री यात्रा मार्गों पर सफाई अभियान भी चलाया।

गंगोत्री रूट में गंगोत्री धाम तक मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत आर्य के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी चौहान ने कहा कि यमुनोत्री-गंगोत्री धाम पॉलीथिन व धूम्रपान मुक्त रहेंगे। उन्होंने स्थानीय जनता, व्यापारियों व यात्रियों से अपील की कि वे पॉलीथिन का प्रयोग व धूम्रपान कत्तई न करें। साथ ही पर्यावरण संरक्षण व शुद्धता बनाए रखेने में सहयोग करें, जो व्यापारी और यात्री पॉलीथिन का प्रयोग व धूम्रपान करते पाया जाएगा उसका चालान किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने यमुनोत्री में निर्माणाधीन सेतु व कार्यों का निरीक्षण करते हुए आगामी सात मई तक सेतु का कार्य पूर्ण करने के साथ ही अन्य निर्माण कार्यों में गति लाने के निर्देश भी दिये। उन्होंने बताया कि यात्रा रूटों पर 119 शौचालय बनाए जा रहे हैं, जो लगभग पूर्ण हो चुके हैं। स्यानाचट्टी में ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी से आयुर्वेदिक चिकित्सालय में चिकित्सक, स्कूल में शिक्षक व पेयजल की मांग की गई। फूलचट्टी से जानकीचट्टी तक सड़क मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गये। स्वच्छता अभियान राज्य आपदा मोचक बल (एसडीआरएफ), आपदा, पीडब्ल्यूडी, एनएच, राजस, जिला पंचायत व स्थानीय जनता द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया।