प्रधानमंत्री मोदी की सोच दलित और महिला विरोधी : राहुल गांधी

0
674

नई दिल्ली,  कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दलित और महिला विरोधी करार देते हुए कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में लगातार दलितों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार ने इस पर चुप्पी साध रखी है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को यहां ‘संविधान बचाओ अभियान’ की शुरूआत करते हुए कहा कि इस देश में दलितों, गरीबों, महिलाओं की रक्षा ये संविधान करता है। इस संविधान को डॉ. भीमराव अंबेडकर और कांग्रेस पार्टी ने लिखा और हिंदुस्तान को दिया। उन्होंने कहा कि आज यह संविधान ही खतरे में है क्योंकि देश की हर एक संवैधानिक संस्थाओं में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के लोगों को डाला जा रहा है लेकिन हम ऐसा होने नहीं देंगे।

उन्होंने प्रधानमंत्री की पुस्तक कर्मयोगी का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पुस्तक में लिखा है कि वाल्मिकी समाज शौचालय सफाई का काम पेट भरने के लिए नहीं करता है। यदि ऐसा होता तो वह इस काम को वर्षों तक नहीं करते। असल में वे इस काम को अध्यात्म के लिए करते हैं। राहुल ने कहा कि दलितों के लिए प्रधानमंत्री की यह सोच है और देश को इसको समझने की जरूरत है।

राहुल ने कहा कि मोदी ने एक व्यक्ति से सवाल पूछा कि हिंदुस्तान के दलित उनसे गुस्सा क्यों हैं। हिंदुस्तान के दलित आपसे गुस्सा इसलिए हैं क्योंकि यह आपकी विचारधारा है। आप जितनी बार भी अंबेडकर जी की मूर्ति पर माला चढ़ाइए। आप इस विचारधारा के साथ उनका सम्मान कभी नहीं कर सकते।

उन्होंने मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ विपक्षी दलों के महाभियोग प्रस्ताव के मुद्दे पर कहा कि आज देश में सुप्रीम कोर्ट को कुचला जा रहा है। पहली बार चार जज देश की जनता से न्याय मांग रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने 70 साल में देश की इज्जत बनाई थी उसे पिछले 4 साल में मोदी ने चोट मारी है। मोदी ने दुनिया में देश की छवि खराब कर दी है। पहली बार चार जजों को जनता के सामने आकर न्याय मांगना पड़ा। सुप्रीम कोर्ट को कुचला जा रहा है। नरेंद्र मोदी जी संसद में खड़े होने से घबराते हैं। संसद में 15 मिनट की मेरी स्पीच करा दीजिए। मैं राफेल और नीरव मोदी की बात करूंगा। मोदी जी खड़े नहीं हो पाएंगे।

देश में हाल के दिनों में हुई मासूमों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं पर सरकार को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उन्नाव में रेप हुआ। मोदी भाजपा के विधायक के खिलाफ नहीं बोले। आईएमएफ के चीफ ने कहा कि मोदी जी आप महिलाओं के लिए काम नहीं कर रहे हैं। हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री शांत थे।
मोदी जी ने अपने सांसदों से कहा कि तुम प्रेस वालों को मसाला देते हो। चुप हो जाओ। देश सिर्फ मेरे मन की बात सुनेगा। संसद में कोई नहीं बोलेगा, सिर्फ नरेंद्र मोदी बोलेगा, और अपने मन की बात बोलेगा। 2019 में देश की जनता मोदी को अपने मन की बात बताएगी।