निक के साथ जोधपुर पहुंचीं अभिनेत्री प्रियंका, दो दिसम्बर को होगी शादी

0
747

जोधपुर, बॉलीवुड में देशी गर्ल के नाम से प्रसिद्ध अभिनेत्री प्रियंका चौपड़ा और अमेरिकी सिंगर-गीतकार निक जोनस शाही अंदाज में शादी करने के लिए जोधपुर पहुंच गए हैं। वे गुरुवार सुबह अपने करीबी दोस्त व रिश्तेदारों के साथ यहां पहुंचे हैं। यहां एयरपोर्ट पर प्रशंसकों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। उन्होंने भी प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार कर नमस्कार कहा। इस दौरान निक का हाथ थामे मुस्कुराते हुए प्रियंका एयरपोर्ट से बाहर निकली। प्रियंका-निक की शादी दो दिसम्बर को उम्मेद भवन पैलेस में होगी। शादी से जुड़ी रस्में गुरुवार रात से ही शुरू हो गयीं।

प्रियंका और निक के साथ उनके परिजन भी विशेष विमान से जोधपुर पहुंचे। प्रियंका की मां मधु चोपड़ा और बहन परिणीति चोपड़ा भी उनके साथ जोधपुर पहुंचीं, जबकि निक के माता-पिता व भाई-भाभी भी आए हैं। प्रियंका ऑफ व्हाइट ट्रेडिशनल ड्रेस में बहुत खूबसूरत नजर आ रही थीं। ऑफ व्हाइट ड्रेस पर गुलाबी चुन्नी ने उनकी खूबसूरती को और बढ़ा दिया। सफेद टी-शर्ट पर ब्राउन जैकेट पहने निक भी जंच रहे थे। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही प्रियंका ने वहां बड़ी संख्या में मौजूद अपने फैंस को मुस्कराते हुए हाथ जोड़कर नमस्कार किया। एयरपोर्ट से प्रियंका निक के साथ कार से उम्मेद भवन के लिए रवाना हुईं। हालांकि पहले हेलिकॉप्टर से सीधे उम्मेद भवन पहुंचने का कार्यक्रम था, दो टाल दिया गया।

चार दिवसीय इस वैवाहिक समारोह के लिए उम्मेद भवन को आकर्षक रोशनी से सजाने का काम बुधवार से ही शुरू हो गया था। उम्मेद भवन के पीछे बारादरी स्थित संगमरमर के मंडप में दो दिसम्बर को रात्रि में भारतीय परम्परानुसार सात फेरे लेकर प्रियंका-निक परिणय सूत्र में बंधेंगे। एक दिसम्बर को उम्मेद भवन में विदेशी मेहमानों के लिए खास पार्टी दरबार हॉल में होगी। इसके लिए मुंबई के सनम बैंड को खास तौर पर बुलाया गया है। विवाह समारोह में बॉलीवुड की हस्तियां व औद्योगिक जगत के लोग शामिल होंगे।

प्रियंका-निक की शादी में शामिल होने के लिए देश-विदेश के मेहमान भी खूब उत्साहित हैं। पहले शादी में शामिल होने वाले मेहमानों की लिस्ट में 100 नाम थे, लेकिन अब यह बढ़कर 250 तक पहुंच गई है। इनमें हॉलीवुड के स्टार के साथ-साथ शाहरुख खान, रणवीर कपूर, एआर रहमान, सोनू निगम, अर्पिता खान, रिहाना और राधिका मर्चेंट के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही, हॉलीवुड स्टार्स में डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलर द रॉक के नाम से पहचाने जाने वाले ड्वेन जॉनसन, जोनाथन टकर, लुपिता न्योंगो, कैली रीपा के नाम भी हैं। प्रियंका के फ्रेंड्स तमन्ना दत्त-सुदीप दत्त के साथ-साथ क्वांटिको में प्रियंका की को-स्टार रहीं यास्मिन देशांते, प्रियंका की मैनेजर अंजुला अचारिया, चंचल डिसूजा भी जोधपुर पहुंच रहे हैं। प्रियंका की फ्रेंड प्रिंस हैरी की पत्नी मेघन मार्कल को भी न्योता भेजा गया है।