नए साल पर राजाजी पार्क हाई अलर्ट जोन में तब्दील

0
737

हरिद्वार,  नए साल पर वन विभाग के लिए राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क की सुरक्षा चुनौतीपूर्ण हो जाती है। इसके मद्देनजर राजाजी टाइगर रिजर्व ने पूरे पार्क को हाई अलर्ट जोन में तब्दील कर दिया है। वन विभाग ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी है। रिजर्व के सभी रेंजों में गश्त बढ़ाने के आदेश दे दिए गये हैं। हालांकि, किसी सुरक्षाकर्मी के लिए जंगल में ड्यूटी करना खतरे के खाली नहीं होता है क्योंकि, वन में जंगली जानवरों को और शिकारियों का खतरा बना रहता है।

चीला के रेंजर अनिल पैन्यूली ने बताया कि नए साल पर छुट्टियां होने की वजह से पार्क में काफी सैलानी आते हैं। इतनी बड़ी तादाद में जब सैलानी राजाजी पार्क में आते हैं तो कुछ असामाजिक तत्व भी इस वक्त सक्रिय हो जाते हैं। इसी को देखते हुए पार्क में हाई अलर्ट किया गया है और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सुरक्षाकर्मियों द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पूरे पार्क पर चप्पे-चप्पे पर वन कर्मचारी मुस्तैदी से नजर बनाए रहते हैं। बता दें कि नए साल पर वन विभाग की परेशानी भी बढ़ जाती है। नए साल में जंगली जानवरों का शिकार सबसे ज्यादा होता है। इसको देखते हुए राजाजी टाइगर रिजर्व की तमाम रेंज में 24 घंटे गश्त की जा रही है। रेंजर अनिल पैन्यूली ने बताया कि चीला रेंज में सुरक्षा और गश्त के लिए चार टीमें बनाई गई हैं, जो उनके द्वारा ही लीड की जा रही हैं।

उच्चाधिकारियों के आदेश पर उन्होंने भी 24 घंटे वन कर्मचारियों को अलर्ट रहने का आदेश दिये हैं। विदित हो कि राजाजी टाइगर रिजर्व का क्षेत्र बड़ा होने के कारण यहां पर शिकारियों की घुसपैठ का भी खतरा बना रहता है। यही कारण है कि नए साल पर पार्क प्रशासन अपनी सुरक्षा बढ़ा देते हैं। इस बार भी पार्क प्रशासन ने पार्क के अंदर सुरक्षा बढ़ा दी है।