नगर निगम ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान

0
461

कोटद्वार/पौड़ी,  नगर निगम प्रशासन ने मुख्य बाजार क्षेत्र में दुकानों के बाहर और नाली के ऊपर किये गये अतिक्रमण ध्वस्त कर सामान को जब्त कर लिया। इस दौरान निगम की टीम बाजार में कई घंटों तक घूमती रही। कर्मियों के बार-बार चक्कर काटने से दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। प्रशासन ने दुकानदारों को दोबारा सामान बाहर रखा पाए जाने पर कार्रवाई के साथ-साथ कोर्ट का चालान काटने की भी चेतावनी दी।

नगर निगम के सफाई निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में निगम की टीम टेम्पो के साथ मुख्य बाजार में पहुंची। उन्होंने सबसे पहले गोखले मार्ग से दुकानों के बाहर किये अतिक्रमण को हटाना शुरू किया। इस बीच टीम और दुकानदारों के बीच नोकझोंक भी हुई। सामान को जब्त कर टेम्पो में डाला गया।

दुकानदारों का आरोप था कि हर बार प्रशासन का अभियान गरीबों तक ही सीमित रहता है। बड़े दुकानदारों पर प्रशासन का कोई प्रभाव नहीं हो रहा है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना था कि उपजिलाधिकारी के आदेश पर अतिक्रमण को हटाया जा रहा है।