मुलतान जोत महोत्सव 11 अगस्त को 

0
411
हरिद्वार,  मुलतान जोत महोत्सव 11 अगस्त को मनाया जाएगा। प्रेस क्लब में रविवार को पत्रकारों को महोत्सव के संबंध में जानकारी देते मुलतान जोत सभा के अध्यक्ष दौलत राम अपन एवं अखिल भारतीय मुलतान युवा संगठन के अध्यक्ष व पूर्व विधायक डॉ महेंद्र नागपाल ने बताया कि 11 अगस्त को होने वाला जोत महोत्सव को भव्य रूप में मनाया जाएगा।
महोत्सव में देश भर से आए लाखों श्रद्धालु गंगा में जोत प्रवाहित करेंगे। गंगा मैया के साथ दूध की होली खेली जाएगी। दिन में होली व रात्रि में दीपावली जैसा नजारा महोत्सव के दौरान नजर आएगा। हवन यज्ञ और सुंदर कांड का पाठ जैसे धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सांस्कृतिक एवं धार्मिक दृष्टि से गंगा तट पर हिन्दुत्व के विशाल संगम के दर्शन हरिद्वारवासियों को होंगे।
डॉ नागपाल ने बताया कि, “असम के राज्यपाल प्रो.जगदीश मुखी जोत महोत्सव में मुख्य अतिथि होंगे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्द्धन, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू, दिल्ली भाजपा संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, तिलक राज कटारिया, योगेश वर्मा, आचार्य विजय भाटिया, मंजू खंडेलवाल, टीवी कलाकार आदि भी महोत्सव में सम्मिलित होंगे।
डॉ नागपाल ने बताया कि, “1911 में भक्त रूप चंद ने समाज में भाईचारे एवं शांति की कामना को लेकर मुलतान (अब पाकिस्तान में) से पैदल यात्रा करते हुए हरिद्वार पहुंचकर गंगा को पहली ज्योति अर्पित की थी। इसके बाद से मुलतानी समाज इस परंपरा का पालन करते हुए प्रतिवर्ष भव्य जोत महोत्सव का आयोजन कर रहा है। आयोजन में भारत के अलावा पाकिस्तान में बसे मुलतानी भी जोत महोत्सव में भाग लेने हरिद्वार आते हैं।”