उत्तराखंड: आयोग की तैयारियां पूरी, 81 लाख 72 हजार से अधिक मतदाता करेंगे मतदान

0
313
FILE

उत्तराखंड में मतदान के लिए एक सप्ताह का भी कम समय रह गया है। इस मतदान के मद्देनजर चुनाव अधिकारी ने मतदान की लगभग सभी तैयारियां कर ली हैं।

मुख्य चुनाव अधिकारी सौजन्या ने आयोग की तैयारियों को लेकर आज प्रेस वार्ता की। इसमें उन्होंने बताया कि इस बार कुल 81 लाख 72 हजार 173 मतदाता 14 फरवरी को अपने मताधिकार कर प्रयोग करेंगे। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या 39,32,995 और पुरुष मतदाता 42,38,890 हैं। इनके अलावा अन्य मतदाताओं की संख्या 298 है।

सर्विस वोटरों की संख्या देखें तो इनकी संख्या 94,471 है। पिछले बार की तुलना में इस बार बूथों और मतदान केंद्रों की संख्या आयोग ने बढ़ाई हैं। इस बार कुल 8,624 मतदान केंद्रों में 11,697 बूथ बनाये गये हैं। आयोग ने बताया है कि इस बार 156 बूथ मॉडल बनाया जायेगा। मॉडल बूथों पर हर प्रकार की सुविधा की व्यवस्था रहेगी। सबसे ज्यादा मॉडल बूथ हरिद्वार में बनाए जायेंगे। इस जिले में 24 ऐसे बूथ होंगे। इसके अलावा देहरादून में 23, उधमसिंह नगर में 20, नैनीताल में 17, अल्मोड़ा में 15, टिहरी गढ़वाल में 12, पौड़ी गढ़वाल में 10, पिथौरागढ़ में 8, उत्तरकाशी, चमोली में 6-6, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और चंपावत में 5-5 मॉडल बूथ बनाये जायेंगे।

मॉडल बूथों के अलावा सखी और पीडब्ल्यूडी बूथ भी बनाएं जा रहे हैं। 101 सखी बूथ महिलाओं के लिए हो तो 6 पीडब्ल्यूडी बूथ दिव्यांगजनों के लिए होगा। सखी बूथ पर अधिकारी से लेकर मतदानकर्मी तक महिलाएं भी होंगी। इसी प्रकार पीडब्लूडी बूथ पर भी सभी मतदान कर्मी दिव्यांग ही होंगे। सखी बूथ पर मुख्य चुनाव अधिकारी सौजन्या ने बताया कि सखी बूथ इस लिए बनाया गया है कि महिलाओं में यह संदेश जाये कि वह वह सिर्फ मतदान ही नहीं कर सकते बल्कि वे चुनाव भी करवा सकती है। यह महिलाओं को जागरूक करने के लिए भी है। दिव्यांगजनों के लिए भी इसी सोच के साथ पीडब्ल्यूडी बूथ बनाया गया है।

  • सबसे कम मतदाता संख्या वाला मतदान केंद्र कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र का ढिकाला है है। यहां सिर्फ 14 मतदाताओं के लिए मतदान केंद्र बनाया गया है।
  • कुल 693 अति संवेदनशील तो 1692 संवेदनशील बूथ चिन्हित किये गए हैं।
  • इस चुनाव में 5860 बूथों पर वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की जा रही है।
  • प्रदेश में कई ऐसे मतदान केंद्र हैं, जो काफी दूर-दराज में हैं। ऐसे बूथों पर मतदान कर्मी को कई दिन पहले ही मतदान के लिए रवाना कर दिया जाता है।
  • 35 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां वोटिंग करने के लिए कर्मी को मतदान के 3 दिन पहले रवाना किया जायेगा। यह मतदान केंद्र पिथौरागढ़ में 18 हैं तो उत्तरकाशी में 17 हैं।
  • उसी प्रकार कर्मियों के दो दिन पहले रवाना होने वाले 1442 मतदान केंद्र हैं।
  • 10,222 मतदान केंद्रों पर मतदान करने के लिए कर्मी को एक दिन पहले ही जिला मुख्यालय से रवाना कर दिया जायेगा।

कुल उम्मीदवारों की संख्या देखें तो कुल 632 उम्मीदवार इस बार चुनाव मैदान में हैं। इनमें से 152 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। शेष राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय एवं पंजीकृत पार्टियों के मतदाता हैं। आयोग के दिये आंकड़ों के अनुसार इस बार के चुनाव में 106 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य के लिए प्रेक्षक नियुक्त किये हैं। ताकि राज्य में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान करवाया जा सके। विशेष सामान्य प्रेक्षक 1987 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस राम मोहन मिश्र हैं तो विशेष पुलिस प्रेक्षक 1984 बैच के सेवानिवृत्त आईपीएस अनिल कुमार शर्मा, विशेष व्यय लेखा प्रेक्षक 1982 बैच के सेवानिवृत्त आईआरएस मधु महाजन हैं।