ज्येष्ठ पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी

0
362
Pilgrims took holy dip on buddh purnima
Pilgrims
हरिद्वार,  ज्येष्ठ पूर्णिमा पर सोमवार को लाखों श्रद्धालुओं ने ब्रह्मकुण्ड हर की पैड़ी समेत गंगा के विभिन्न घाटों पर पुण्य की डुबकी लगाई। इस बार ज्येष्ठ पूर्णिमा पर स्नान पर्व का विशेष संयोग बना। यूं तो हर महीने पूर्णिमा होती है लेकिन ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा अपने आप में विशेष मानी गई है। आज के ही दिन देश के कई भागों में वट सावित्री का व्रत भी किया जाता है।
पं. देवेन्द्र शुक्ल शास्त्री ने बताया कि, “ज्येष्ठ पूर्णिमा का दिन भगवान सूर्य की विशेष कृपा पाने का दिन है। जिन जातकों की कुंडली में सूर्य कमजोर हो उनको आज के दिन भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना करने से विशेष लाभ की प्राप्ति होती है।”
पं. शास्त्री बताया कि यह संयोग की बात है कि ज्येेष्ठ कृष्ण पक्ष की अमावस्या भी 15 दिन पहले सोमवार को ही थी। उन्होंने बताया कि ऐसी मान्यता है कि आज के दिन गंगा में स्नान करके पूजा-अर्चना और दान पुण्य करने से मनुष्य को विशेष फल की प्राप्ति होती है।
तीर्थनगरी हरिद्वार में पुलिस प्रशासन ने स्नान पर्व को देखते हुए सुरक्षा व यातायात व्यवस्था दुरूस्त बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए। ज्येष्ठ पूर्णिमा पर प्रातः से आरम्भ हुआ स्नान का सिलसिला देर शाम तक अनवरत जारी रहा। देश के कई प्रांतों से आए लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। स्नान के पश्चात श्रद्धालुओं ने मंदिरों में भगवान के दर्शन किए और दान-पुण्य आदि कर्म किए।