एक तरफा प्यार में युवक ने की युवती की चाकू से गोदकर हत्या

0
536
File Photo: Crime
ऋषिकेश, एक तरफा प्यार में युवक ने एक युवती की बुधवार की सुबह उसी के घर में चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद युवक ने अपने हाथ व गले की नसें भी काट लीं। बेहोशी की हालत में उसे एम्स में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार बनखंडी गली नंबर दो निवासी सुखराम की 27 वर्षीय पुत्री कल्याणी नेपाली फार्म स्थित एक निजी विद्यालय में अध्यापिका थी। बुधवार की सुबह 6:30 बजे वह अपने विद्यालय जाने के लिए रसोई में तैयारी कर रही थी। उस समय युवती की मां घूमने गयी हुई थी तथा पिता सुखराम शाखा में बाद गए हुए थे। उसी समय मौका पाकर सुमन विहार बापू ग्राम निवासी अजय यादव हाथ में पेपर काटने के चाकू को लेकर युवती के घर घुस आया और उसने कल्याणी के ऊपर ताबड़तोड़ चाकू से कई वार कर दिए। शरीर से काफी मात्रा में खून बहने के बाद कल्याणी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद अजय ने अपने हाथ व गले की नसें काटकर मौके पर ही आत्महत्या किए जाने का प्रयास किया, इससे वह बेहोश हो गया।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अजय को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। कल्याणी के पिता सुखराम ने बताया कि अजय काफी समय से उनकी बेटी से विवाह करने के लिए दबाव बना रहा था जो कल्याणी को स्वीकार नहीं था। इसी बात को लेकर वह अक्सर लड़की को भी परेशान करता रहा। यह बात कल्याणी ने उनसे भी बताई थी।  बुधवार की सुबह अजय ने उनकी बेटी पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
सुखराम का कहना था कि, “उनके एक लड़का दो लड़कियां हैं। कल्याणी तीनों में सबसे छोटी बेटी थी।” पुलिस क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत का कहना है कि, “यह घटना एक तरफा प्यार के चलते घटित होनी बताई जा रही है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पेपर काटने के चाकू व मोबाइल को भी बरामद कर लिया है। कल्याणी के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।”