जोशीमठ से अॉल वेदर रोड को न जोड़ने पर स्थानीय लोगों ने निकाला जुलूस

0
576

बद्रीनाथ धाम के मुख्य पड़ाव जोशीमठ में ऑल वेदर रोड को न जोड़ने के विरोध में शुक्रवार को जोशीमठ वासियों ने बाजार बंद कर जुलूस प्रदर्शन किया।

ऑल वेदर रोड जोशीमठ से 18 किमी पहले ही हेलंग से सीधे मारवाड़ी जोड़े जाने के विरोध में जोशीमठ के स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों तथा जनप्रतिनिधियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ जाने वाले यात्री हेलंग से सीधे बद्रीनाथ धाम पहुंच जाएंगे और जोशीमठ इससे अछूता रह जाएगा, जिससे यहां के लोगों को भारी नुकसान पहुंचेगा।

पैनखंडा संघर्ष समिति के अध्यक्ष रमेश सती ने कहा कि आॅल वेदर रोड को बाइपास के बजाय जोशीमठ नगर को जोड़ते हुए जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जोशीमठ नगर बद्रीनाथ धाम का मुख्य पड़ाव है क्योंकि यात्रा से ही यहां का व्यवसाय चलता है, अगर बाइपास बना तो, इसका पूरा विरोध किया जाएगा। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष व भाजपा नेता रामकृष्ण रावत ने कहा कि जोशीमठ धार्मिक नगरी है और यहां पर भगवान नृसिंह का मंदिर भी है, जिसके दर्शन किए बिना बद्रीनाथ की यात्रा सफल नही मानी जाती है। इसलिए ऑल वेदर रोड जोशीमठ नगर से जोड़ी जानी चाहिए।