विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म ‘शिकारा’ देख भावुक हुए लाल कृष्ण आडवाणी

0
458

विधु विनोद चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘शिकारा’ 7 फरवरी को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई है। वयोवृद्ध भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता लालकृष्ण आडवाणी विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म ‘शिकारा: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ कश्मीरी पंडित’ को देखते हुए भावुक हो गए। ‘स्पेशल स्क्रीनिंग में आडवाणी अपनी बेटी प्रतिभा आडवाणी के साथ पहुंचे थे। फिल्म देखने के बाद वह अपने आंसू रोक नहीं पाए। निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा ने विडियो ट्विटर पर शेयर किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। विडियो में विधु विनोद चोपड़ा आडवाणी को सांत्वना देने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। विधु विनोद चोपड़ा फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर स्क्रीनिंग का वीडियो शेयर किया है। कैप्शन में लिखा-‘स्पेशल स्क्रीनिंग में लाल कृष्ण आडवाणी, सर हम आपके आशीर्वाद और फिल्म के लिए आपकी सराहना के लिए बहुत विनम्र और आभारी हैं।’

फिल्म ‘शिकारा’ विधु विनोद चोपड़ा के बहुत करीब है। क्योंकि इस फिल्म के जरिए उन्होंने निर्देशन की दुनिया में करीब 13 साल बाद अपना कदम रखा है। इस पहले उन्होंने 2007 में फिल्म ‘एकलव्य: द रॉयल गार्ड’ का निर्देशन किया था। फिल्म ‘शिकारा: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ कश्मीरी पंडित’ शुक्रवार को रिलीज हुई है। ‘शिकारा’ इस बात के बारे में है कि कैसे कश्मीरी पंडितों को 1990 की शुरुआत में कश्मीर घाटी में अपने घरों से भागने के लिए मजबूर किया गया था। फिल्म की कहानी शिव कुमार धर (आदिल खान) और उनकी पत्नी शांति (सादिया) के माध्यम से कश्मीरी पंडितों के पलायन का चित्रण करती है। फॉक्स स्टार स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म विनोद चोपड़ा प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित और फॉक्स स्टार स्टूडियो द्वारा सह-निर्मित है।