पर्यटन राज्यमंत्री केजे अल्फोंस ने किया डॉ. रमेश पोखरियाल की पुस्तक का विमोचन

0
799

नई दिल्ली, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल की पुस्तक का विमोचन करते हुए केंद्रीय पर्यटन मंत्री केजे अलफोंस ने कहा कि हमें प्रकृति से प्रेम, उसका आदर और संरक्षण करना चाहिए। देश में पर्यटन की दृष्टि से कई खूबसूरत स्थल हैं, जहां हमें पर्यावरण का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

यातायात भवन में डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ की नवीनतम कृति ‘धरती का स्वर्ग उत्तराखंड भाग-3’ का विमोचन पर्यटन राज्यमंत्री केजे अल्फोंस ने किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि निशंक जी की पुस्तक में उत्तराखंड के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों का जिक्र किया गया है। एक कवि और लेखक होने के नाते वह प्रकृति से प्रेम करते हैं। उन्हें आशा है कि इस पुस्तक का उत्तराखंड को जानने और घूमने आने वालों को फायदा मिलेगा।

सांसद रमेश पोखरियाल ने कहा कि यह उनकी देवभूमि पर लिखी जा रही सीरीज की तीसरी पुस्तक है। पूर्व राष्ट्रपति भैरो सिंह शेखावत ने उन्हें इसे लिखने की प्रेरणा दी थी। इसमें उत्तराखंड के 101 पर्यटन स्थलों की सचित्र जानकारी और विभिन्न पहलू दर्शाये गए हैं।

उन्होंने कहा कि दुनिया में विभिन्न पर्यटन स्थल हैं लेकिन उत्तराखंड का पर्यटन अपने आप में अनोखी अनुभूति देने वाला है। हिमालय की गोद में बसा देवप्रयाग यहां आने वालों को अनूठी ऊर्जा व प्रेरणा देता है। यह ऐसा अनुभव है, जिसे वहां आने वाला व्यक्ति भुला नहीं पाता है।