औली में किरेन रिजिजू ने बर्फ पर लगाई दौड़, जवानों को दिया फिट रहने का संदेश

0
629
गोपेश्वर,  चमोली जिले के हिमक्रीड़ा स्थली औली में रविवार को केंद्रीय खेल राज्य मंत्री किरेन रिजिजू ने स्कीइंग स्लोप का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आईटीबीपी और गढ़वाल मंडल विकास निगम के अधिकारियों से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि औली प्राकृतिक रूप से जहां शीतकालीन खेलों के लिए फिट है। यहां कुछ सुविधाओं के विकास की जरूरत है, जिनके लिये योजना तैयार की जाएगी। इस दौरान उन्होंने खेलो इंडिया के तहत बर्फ पर दौड़ लगाकर जवानों को फिट रहने का संदेश दिया।
किरेन रिजिजू ने स्कीइंग स्लोप का 10 नम्बर टावर तक निरीक्षण किया। साथ ही इस दौरान आईटीबीपी और जीएमवीएन के अधिकारियों से औली को सुविधा संपन्न बनाने के लिए जो भी आवश्यक है, उस बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि औली के विकास के लिए राज्य और केंद्र सरकार के समन्वय से योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत से वार्ता करने की बात कही। उन्होंने कहा कि औली का विकास अंतरराष्ट्रीय मानकों के हिसाब से करते हुए भविष्य में यहां ओलम्पिक खेलों के आयोजन की योजना तैयार की जाएगी। इसके बाद उन्होंने यहां आईटीबीपी के अधिकारियों के साथ बैठक भी की। इस मौके पर यहां आईटीबीपी के डीआईजी गंभीर सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह रावत सहित जीएमवीएन के अधिकारी भी मौजूद थे।