ऋषि कपूर के भारत लौटने पर कपूर खानदान खामोश

0
566
Rishi Kapoor talks about being cancer free
Rishi Kapoor talks about being cancer free

मुंबई,पिछले पांच महीनों से अमेरिका में इलाज करा रहे अभिनेता ऋषि कपूर के भारत लौटने की चर्चाओं के बीच कपूर खानदान इस मामले को लेकर चुप है। कपूर खानदान के करीबी सूत्र के मुताबिक, उनकी तबियत को लेकर हर कोई चाहता है कि वे जल्दी ही घर लौट आएं, लेकिन इस मामले में फैसला उनका इलाज कर रहे डाक्टरों को ही करना है। सूत्रों ने ऋषि कपूर की वापसी की चर्चाओं की पुष्टि करने से मना कर दिया।

सूत्रों के मुताबिक, ऋषि कपूर की पत्नी नीतू सिंह कपूर अमेरिका में उनके साथ बनी हुई हैं और खानदान के सभी सदस्यों को उनके माध्यम से ही जानकारी मिलती है। कहा जा रहा है कि ऋषि कपूर की हालत में सुधार हुआ है, लेकिन वापसी को लेकर अभी तक डाक्टरों ने कोई फैसला नहीं किया है।

सूत्रों का कहना है कि कपूर खानदान में कोई भी इस मामले में जल्दबाजी नहीं चाहता। हर कोई चाहता है कि वहां उनका पूरा इलाज हो और उसके बाद ही ऋषि कपूर मुंबई लौटें। अधिकारिक तौर पर किसी ने अब तक ऋषि कपूर की बीमारी को लेकर कोई खुलासा नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि उनका कैंसर का इलाज चल रहा है। बालीवुड के सितारे जब भी अमेरिका जाते हैं, तो उनसे मिलने जरुर जाते हैं। हाल ही में जब आमिर खान अमेरिका गए, तो वे ऋषि कपूर से मिलने पंहुचे।

प्रियंका चोपड़ा भी उनको देखने अस्पताल गई थीं। अनुपम खेर भी उनसे जाकर मिले थे। ऋषि कपूर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं और कई खबरों पर टिप्पणियां करते हैं। उनके बेटे रणबीर कपूर का अमेरिका आना-जाना लगा रहता है। रणबीर की गर्लफ्रेंड कही जाने वाली आलिया भट्ट को भी परिवार के साथ देखा जा चुका है। ऋषि कपूर को पिछली बार अमिताभ बच्चन के साथ उमेश शुक्ला के निर्देशन में बनी फिल्म 102 नॉट आउट में देखा गया था। इस फिल्म में उन्होंने अमिताभ बच्चन के 75 वर्षीय बेटे की भूमिका निभाई थी।