शांति पूर्ण ढंग से मनायी गई होली

0
741

गोपेश्वर,  चमोली जिले में रंगों का पर्व होली शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हो गई है। लोगों ने एक दूसरे को रंग लगा कर व मिठाई खिलाकर होली की बधाई दी। रात्रि को अलग-अलग मोहल्लों में होलिका दहन का कार्यक्रम चलता रहा। कहीं ढोल दमाउ के साथ तो कहीं डीजे पर लोग नाचते रहे।

सरहदी बॉर्डर के आखिरी नगर जोशीमठ में भी जमकर लोगों नें फाल्गुनी बयार में होली का लुफ्त उठाया। सुबह से ही बच्चे नौजवान, महिला होल्यारों की टोलियों नें घर-घर जाकर लोगों को होली के सतरंगी रंगो से सराबोर एक दूसरे पर रंग डाला।

जोशीमठ में नंदादेवी मंदिर प्रागंण में सामूहिक होली महोत्सव मनाया गया। वहीं मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी जम कर होली मनायी और एक दूसरे को होली की बधाई दी। गोपेश्वर मेें गोपीनाथ मंदिर में सामुहिक होली उत्सव का आयोजन किया गया। यहां पर लोगों ने ढोल दमाउ के साथ पहाडी गीतों पर खूब नाचे। पारंपरिक झुमेलो नृत्य भी किया गया। वहीं जिले के थराली,गैरसैण, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, पोखरी आदि स्थानों पर भी होली की धूम रही।

कोटद्वार शहर में होली का त्योहार छिटपुट झड़पों के बीच शान्ति पूर्वक सम्पन्न हो गया। पुलिस की कड़ी चौकसी के कारण कहीं भी कोई अप्रिय घटना नही हो सकी। अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप राय, पुलिस उपाधीक्षक जेआर जोशी के अलावा अन्य अधिकारी व थानाध्यक्ष पूरे दिन भ्रमणशील रहे। कोटद्वार थाना क्षेत्र के झंडाचौक में होलिका जलाने को लेकर हुए विवाद में कांग्रेस नेता की धर्मपत्नी के क्षमा मांगने के बाद मामला शांत हो गया ।

होली के त्योहार को देखते हुए प्रशासन बेहद सतर्क था। पूरे शहर में जगह जगह पुलिस बल व अर्द्ध सैनिक बलों को तैनात किया गया था। पुलिस हर आने जाने वाले पर नजर रख रही थी, सुबह से शाम तक पुलिस बल भ्रमणशील रहा। कई जगह दो पक्षों के मध्य विवाद हुआ लेकिन पुलिस द्वारा उसे समय रहते निपटा दिया गया। प्रशासन की सतर्कता के बावजूद चोरी छिपे (स्टेशन रोड,गाडीघाट,काशीरामपुर,पटेल मार्ग,गिंवईश्रोत,लालपानी)क्षेत्रों में शराब बेचे जाने की सूचनाएं मिलती रही।

शहरी अंचलों में दोपहर तक लोगों ने जमकर होली खेली तथा दोपहर बाद एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। ग्रामीण क्षेत्रों में दूसरे पहर होली की मस्ती देखने के मिली। फाग गीतों की धुन पर लोग थिरकते देखे गये । कुल मिलाकर होली का पर्व पूरे शहर में शान्ति पूर्ण माहौल में सम्पन्न हो गया।