हेमकुंड के लिए हेली सेवा बंद, श्रद्धालुओं को हो रही है परेशानी

0
565
हेमकुंड

हेमकुंड औऱ फूलों की घाटी जाने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को उस समय निराशा का सामना करना पड़ा जब उन्हे ये बताया गया कि यहां के लिये हेली सेवाऐं बंद हो गई हैं। ये सेवाऐं संचालित करने की अनुमति खत्म होने के बाद डेक्कन कंपनी ने मंगलवार से गोविंदघाट-घांघरिया हेली सेवा का संचालन बंद कर दिया। इसके चलते हेमकुंड साहिब व लोकपाल लक्ष्मण मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हेमकुंड साहिब, लोकपाल लक्ष्मण मंदिर और फूलों की घाटी के मुख्य पड़ाव गोविंदघाट से घांघरिया तक डेक्कन ऐवियेशन हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन कर रही थी। जानकारी के मुताबिक कंपनी के पास सेवा संचालन के लिए चार जून तक की ही अनुमति थी। ऐसे में उसे हेली सेवा बंद करनी पड़ी।

वहीं डेक्कन कंपनी के हेलीपैड पर सुबह से ही हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों का हुजूम लग गया था। लेकिन, उन्हें हेली सेवा बंद होने की सूचना पर उन्हें निराश होना पड़ा।

एक जून से फूलों की घाटी भी पर्यटकों के लिए खोल दिए जाने के बाद अधिकतर पर्यटक घांघरिया तक डेक्कन की हेली सेवा का लाभ ले रहे थे। जानकारी न होने के कारण बड़ी तादाद में श्रद्धालु डेक्कन कंपनी के कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं। इस बारे में अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी कारणों के कारण हेलीकॉप्टर सेवाओं का संचालन बंद करना पड़ा है।