सेब के लिए प्रख्यात हर्षिल में एप्पल फेस्टिवल की धूम,देश दुनिया में हर्षिल के सेब की डिमांड बढ़ी है: जोशी

0
220
हर्षिल

सेब की ब्रांडिंग और उत्पादन को बढ़ावा देकर किसानों की आजीविका को मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को हर्षिल में एप्पल फेस्टिवल शुरू हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने किया।

इस दौरान उद्यान मंत्री जोशी ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है। भारत को आगे बढ़ाने में कृषकों का सबसे बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि हिमाचल और कश्मीर के बाद उत्तराखंड राज्य ने सेब उत्पादन के क्षेत्र में भारी वृद्धि की है। उन्होंने बताया कि टिहरी जनपद में हम ने बीते सालों 95 हजार पौधे लगवाये। अब वहां दो लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है, इससे बागवानों की आय बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि आज ब्रांडिंग का जमाना है। देश दुनिया में हर्षिल के सेब की डिमांड बढ़ी है। टेस्ट और ब्रांडिंग के मामले में यहां का सेब हिमाचल और कश्मीर से पीछे नहीं है। उन्होंने हर्षिल को फलपट्टी बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि आने वाले पांच सालों में हमारा प्रदेश कृषि और बागवानी के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनकर उभरेगा। कृषि एवं बागवानी मंत्री ने क्षेत्र पंचायत प्रमुख मोरी की मांग पर मोरी में कृषि बागवानी के लिए सचल उद्यान केंद्र खोलने की भी घोषणा की है।

इस दौरान मंत्री ने प्रगतिशील सेब बागवानों को भी सम्मानित किया। उन्होंने प्रगतिशील बागवान किरन सिंह, जयपाल सिंह, रघुवीर सिंह रावत, आजाद डिमरी, जगमोहन राणा, संगीता, मोहन राणा आदि काश्तकारों को पुरस्कृत किया।

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आज एप्पल महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पहले दिन लामा टेकरी पहाड़ी पर नेचर वॉक का आयोजन किया गया। इस मौके पर पारंपरिक लोकगीत एवं नृत्यों का आयोजन किया गया। सात समंदर पार (इंग्लैंड) से आये विदेशी मेहमानों ने भी पारंपरिक तांदी नृत्य किया।

इस दौरान जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला ने बताया कि आने वाले समय में हर्षिल एप्पल फेस्टिवल पर्यटकों को बढ़ावा और ब्रांडिंग कार्य करेगा। उन्होंने फेस्टिवल में सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त कर किया है।

मुख्य उद्यान अधिकारी डा. डीके तिवारी ने बताया कि इस एक दिवसीय फेस्टीवल के दौरान सेब की विभिन्न प्रजातियों की प्रदर्शनी बहुत आकर्षण का केंद्र रही। विशेषज्ञ बागवानों को सेब उत्पादन से संबंधित तकनीकी जानकारी एवं बागवानी के नए तौर-तरीकों से भी अवगत कराएंगे।

महोत्सव में कृषि एवं उद्यान विभाग के महानिदेशक रणवीर सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र राणा, भटवाड़ी ब्लाक प्रमुख श्रीमती विनीता रावत, शैलेंद्र सिंह कोहली,बचन पंवार, चंडी प्रसाद बेलवाल, सहकारी बैंक के अध्यक्ष विक्रम रावत, विजयपाल मखलोगा, जिला अधिकारी अभिषेक रूहेला, अपर जिलाधिकारी तीर्थ पाल सिंह, एसडीएम चत्तर सिंह चौहान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र रावत ,विनोद चौहान आदि मौजूद रहे।

विशेषज्ञों ने किसानों को दी जानकारियां-

एप्पल फेस्टिवल में पहले दिन क्षेत्र के लगभग 400 किसानों ने पंजीकरण कराया। इस दौरान विशेषज्ञों ने किसानों को खेती बागवानी से जुड़ी जानकारी दीं।

प्रदर्शनी में सजाए गए दर्जनों प्रजाति के सेब-

प्रदर्शनी में रेड चीफ, ऑर्गन स्पर, सुपर चीफ, गाला, गोल्डन डिलीशियस, रॉयल डिलीशियस, रेड डिलीशियस, फैनी, रॉयमर, जोनाथन, बकिंघम, रेड ब्लाक, जिंजर गोल्ड, पिंक लेडी, ग्रेमी स्मिथ, रेड गोल्डन, ग्रीन स्वीट, रेड फ्यूजी, क्रेब एप्पल आदि प्रजाति के सेब प्रदर्शित किए गए।