केरल बाढ़ पीडि़तों के लिए हरिद्वार पुलिस देगी 30 लाख

0
722
Rescuers evacuate people from a flooded area to a safer place in Aluva in the southern state of Kerala, India, August 18, 2018. REUTERS/Sivaram V

हरिद्वार,  केरल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा से पीड़ित लोगों की मदद के लिए चारों ओर से हाथ उठ रहे हैं। हर कोई अपने स्तर से मदद के प्रयास कर रहा है। सामाजिक संस्थाएं, सरकारें, बच्चे, बूढ़े सभी मदद के लिए आगे आए हैं। यही कारण है कि केरल में जल स्तर कम होने के बाद लोग अब राहत की सांस ले रहे है। इन सबके बावजूद वहां दवाओं और खाद्य सामग्री की अत्यधिक आवश्यकता है। पुनर्वास भी एक बड़ी चुनौती है। सहायता के इसी क्रम में हरिद्वार पुलिस भी आगे आई है। 

हरिद्वार पुलिस ने केरल बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए अपना एक दिन का वेतन देने का निर्णय लिया है। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने बताया कि केरल राज्य में आई बाढ़ की विभीषिका झकझोर देने वाली है। ऐसे में हम सभी का कर्तव्य बनता है कि बाढ़ पीडि़तों की मदद की जाए। इसी के चलते हरिद्वार पुलिस ने अपने एक दिन का वेतन पीडि़तों की मदद के लिए देने का निर्णय लिया है। जिसकी कुल रकम करीब 30 लाख रुपये होगी। उन्होंने कहा कि हरिद्वार पुलिस भी बाढ़ पीड़ितों के दुख में उनके साथ है। उन्होंने केरल राज्य की स्थिति शीघ्र सामान्य होने, बीमार लोगों के शीघ्र सवास्थय की कामना करते हुए सभी से मदद के लिए आगे आने की अपील की।