अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के गुरु के गांव में खुशी का माहौल

0
885
फाइल

हरिद्वार। अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली के विवाह की खबरों को लेकर अनुष्का के आध्यात्मिक गुरु के गांव में उत्साह का माहौल है। अनुष्का के आध्यात्मिक गुरु अनंत बाबा का हरिद्वार के पथरी क्षेत्र के छोटे से गांव अम्बुवाला में आश्रम है। अनुष्का पहले भी विराट के साथ यहां आकर अपने गुरु का आशीर्वाद ले चुकी हैं। अनंत बाबा के भी विराट-अनुष्का की शादी में इटली जाने की चर्चाओं से गांव में उत्साह का माहौल है। हालांकि आश्रम में कोई भी इस बारे में बात करने को तैयार नहीं है।

इसी आश्रम में आकर अनुष्का अपनी अधिकांश फिल्मों की सफलता के लिए पूजा-पाठ करवाती रही हैं। वर्ल्डकप के दौरान कोहली की सफलता के लिए अनुष्का यहां दो बार अनुष्ठान करने भी आई थीं। कहा जाता है कि अनुष्का अपने गुरु से बिना पूछे कोई शुभ काम नहीं करती हैं। करीब दो साल पहले जब अनुष्का और विराट की सगाई की चर्चाएं जोरों पर थीं, तब भी अनुष्का व विराट उत्तराखंड के आनंदा रिसोर्ट में जाने से पहले दोनों आश्रम में गुरु का आशीर्वाद लेने आए थे।
अनुष्का और विराट की शादी की चर्चाओं से गांव के लोग बहुत खुश हैं। उनका कहना है कि आश्रम में एक-दो बार अनुष्का कोहली के साथ यहां आई थीं और गांव के लोगों ने उनके साथ फोटो भी खिंचवाई थीं। दो साल पहले विराट और अनुष्का नए साल का जश्न मनाने उत्तराखंड में नरेंद्र नगर के आनंदा रिसोर्ट आए थे। तब दोनों की सगाई होने की चर्चाएं भी सुर्खियां बनी थीं। इन चर्चाओं को तब ज्यादा बल मिला था जब अनुष्का और विराट गुपचुप तरीके से देर रात आश्रम में पंहुचे थे और आश्रम को पहले से ही कह दिया गया था कि उनके आने की जानकारी किसी को ना दी जाए। तब दोनों ने बाबा अनंत के साथ फोटो खिंचवाई थी। माना जा रहा है कि बाबा अनंत विराट अनुष्का की शादी के लिए इटली गए हुए हैं। हालांकि बाबा के आश्रम में कोई भी कैमरे पर इस बारे में बोलने के लिए तैयार नहीं है।