लड़की की हत्या करने वाला पिता गिरफ्तार

0
398
हरिद्वार, झबरेड़ा थाना क्षेत्र में बीते शुक्रवार की रात हुई हत्या मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, अभी भी एक आरोपित फरार है, जिसकी पुलिस लगातार तलाश कर रही है। पकड़ा गया आरोपित मृतक लड़की का पिता है।
मामला झबरेड़ी कला गांव का है। यहां एक युवती का गांव के ही एक युवक के साथ लम्बे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बीच बीती चार जून को युवती अपने प्रेमी के साथ घर से भाग गई थी, जो शुक्रवार को वापस लौट आई। युवती अपने प्रेमी से साथ शादी करने की जिद कर रही थी, जो उसके पिता और ताऊ को मंजूर नहीं था। इसी बात से गुस्साए लड़की के पिता और ताऊ ने घर में उसके साथ मारपीट की। इस दौरान लड़की बेहोश हो गई। दोनों युवती को श्मशान घाट ले गए, जहां उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और शनिवार को उसके शव को वहीं जला दिया। ये खबर गांव में आग की तरह फैली गई। इसी बीच घटना की जानकारी किसी ने पुलिस को दी। पुलिस ने किशोरी की अस्थियां कब्जे में लेकर जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा।
घटना के बाद मृतका की मां को पुलिस ने हिरासत में लेकर रविवार को गांव के ही एक व्यक्ति खुशीराम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। इस घटना के बाद से दोनों आरोपित फरार थे। इस दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मृतक युवती के पिता रामआसरे को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपित ताऊ मांगेराम की तलाश की जा रही है।
सीओ परविन्दर शाह ने मंगलवार को बताया कि, “किशोरी के पास एक फोन भी था जो गायब है। फोन की तलाश कर कॉल डिटेल से भी जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा।”