फेसबुक ने कांग्रेस के आईटी सेल से जुड़े 687 खाते किए बंद

0
642

नई दिल्ली। फेसबुक का कहना है कि उसने अपने मंच से कांग्रेस पार्टी के आईटी सेल से जुड़े लोगों के सोमवार को 687 खाते ‘अनुचित व्यवहार’ के चलते बंद कर दिए हैं।
फेसबुक का कहना है कि यह सभी खाते एक नेटवर्क का हिस्सा थे। इन खातों से ‘फर्जी’ समाचार और स्पैम प्रसारित किए जाते थे। अपनी जांच में उसने पाया है कि उनके पोस्ट में स्थानीय समाचार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की आलोचना शामिल होती थी।
कंपनी ने यह भी कहा कि इनके अलावा 103 पृष्ठों, समूहों और खातों को भी हटाया गया है, जो इसी तरह की खबरें और स्पैम प्रसारित कर रहे थे। यह सभी एक नेटवर्क के हिस्से के रूप में पाकिस्तान से संचालित हो रहे थे और पाकिस्तानी सेना के अंतर-सेवा जनसंपर्क विभाग के कर्मचारियों से जुड़े थे।
फेसबुक के साइबर सिक्योरिटी पॉलिसी हेड नथानिएल ग्लीइकर ने बताया कि फेसबुक ने 687 फेसबुक पेज और अकाउंट्स को हटा दिए हैं। इनमेंं से अधिकांश को पहले ही चिन्हित कर लिया गया था और स्वचालित प्रणाली के तहत निलंबित कर दिया गया था। इन खातों को संचालित करने वाले अपनी पहचान छुपाने का प्रयास कर रहे थे। हमारी समीक्षा में पाया गया कि यह खाते कांग्रेस की आईटी सेल से जुड़े व्यक्तियों से जुड़े थे।
फेसबुक ने कहा कि हम समन्वित अनुचित व्यवहार का पता लगाने और उसे रोकने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। फेसबुक नहीं चाहता कि उसकी सेवाओं का उपयोग लोगों को गुमराह करने के लिए किया जाए। दुनियाभर में दुष्प्रचार की सामग्री प्रसारित होने के चलते फेसबुक भारत में अपने अन्य उत्पादों व्हाट्सअप एवं इंस्टाग्राम के साथ आलोचना का केन्द्र बना हुआ है। इसी क्रम वह अपने मंच पर अधिक निगरानी विकसित कर रहा है।