थराली उप चुनाव: भाजपा पर गरजे पूर्व सीएम हरीश रावत

0
711

गोपेश्वर। चमोली जिले के थराली विधानसभा उप चुनाव के लिए कांग्रेस की घाट में शुक्रवार को आयोजित जन सभा में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भाजपा और भाजपा सरकार पर खूब गरजे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह व अन्य कांग्रेसी नेताओं ने भी सूबे की सरकार पर विकास विरोधी होने का आरोप लगाया।
घाट थराली विधानसभा क्षेत्र का विकास खंड है। यहां पर मतदाताओं की दृष्टि से दोनों दलों भाजपा व कांग्रेस की नजर व आस टिकी है। शनिवार को यहां मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत की जनसभा होनी है। कांग्रेस ने एक दिन पहले अपनी चुनावी जनसभा आयोजित की। शुक्रवार को यहां आयोजित जन सभा में बोलते हुए पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कांग्रेस की सरकार ने जो कल्याणकारी योजनाएं बनाई और लागू की थी भाजपा सरकार ने वह सारी योजनाएं समाप्त कर दी हैं। विकास का जो रोड मैप हमारी सरकार ने बनाया था इस भाजपा सरकार ने उसे ही खत्म कर डाला। रावत ने अपने भाषण में भाजपा पर चुटेले अंदाज में खूब तंज भी किए। चुनावी सभा में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का भाषण अंदाज भी तेज रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोक कल्याण के कार्यक्रमों को लेकर राजनीति करती है, और उसकी के अनुसार सरकार बनाती है, पर भाजपा के पास न तो कल्याण का कोई विजन है और ना ही वह जनता का दर्द समझती है। कांग्रेस के प्रत्याशी डॉ जीत राम के पास क्षेत्र के संपूर्ण विकास की सोच है समझ है। प्रीतम सिंह ने अधिक से अधिक मतों से डॉ जीत राम को जिताने की अपील की।
केदारनाथ के युवा विधायक युवाओं के आकर्षण बने। उन्होंने ने कहा युवा रोजगार की बात और मांग करते हैं और भाजपा ऐसे मुद्दों को लाती है जिससे उसका तो भला हो जाता है पर देश , समाज और युवा वर्ग का तो कभी हित नहीं हो सकता। विधायक मनोज रावत ने कहा जनता ने मन बना दिया है कि कांग्रेस के प्रत्याशी डॉ जीत राम को जिताकर विकास के पक्ष में मतदान करना है। इस जनसभा को पूर्व काबीना मंत्री और पूर्व इस घाट क्षेत्र के विधायक भी रहे राजेंद्र भंडारी ने भी कभी ठेठ गढ़वाली तो कभी अपने अंदाज की हिंदी में भाजपा सरकार पर खूब तंज कसे और कहा कि कांग्रेस की सुनिश्चित जीत में जनता के विश्वास की सबसे बड़ी भूमिका होगी। घाट थराली विधानसभा का क्षेत्र है। इस विधान सभा के चार ब्लाक पिंडर घाटी में है जबकि घाट अलग है। यहां पर मतदाताओं की अच्छी संख्या है। इसलिए दोनों बड़ी पार्टियों का ध्यान यहां पर भी है। दोनो दलों के बड़े नेताओं की ताबड़ तोड़ जनसभा इस इलाके में हो रही है। भाजपा के मंत्री से लेकर हर छोटा-बड़ा नेता यहां के दूरस्थ से दूरस्थ गांवों में पहुंच चुके हैं। शनिवार 26 मई को प्रचार के आखरी दौर से पहले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत भी यहां जनसभा करेंगे।