Page 862

काशी की तर्ज पर उत्तरकाशी में होगी गंगा आरती, चैनलों पर होगा सीधा प्रसारण

0

काशी की तर्ज पर अब उत्तरकाशी में भी गंगा आरती होगी और इसका सीधा प्रसारण भी टेलीविजन चैनलों पर किया जाएगा। जी हां यह पहल गंगा सफाई अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन करने जा रहा है।

जिला प्रशासन के अनुसार गंगोत्री से गंगा आरती लोगों को अब टीवी पर दिखने लगेगी।
अगर सीधे प्रसारण की व्यवस्था गंगोत्री में नहीं हुई तो डी-लाइन (दूसरे आरती प्रसारण) कराया जाएगा। जिले के जिलाधिकारी ने इस बारे में बताते हुए कहा कि गंगा की स्वच्छता व निर्मलता के लिए शुरू की जा रही आरती के लिए जल्द ही चैनल का चयन भी किया जाएगा। उन्होंने गंगोत्री मंदिर समिति से कहा कि जो आरती 15 मिनट की होती हैं, उस आरती में भजन व अन्य गंगा स्तुति शामिल कर करीब 45 मिनट का करें।
जिला सभागार में गंगोत्री मंदिर समिति, यमुनोत्री मंदिर समिति, होटल एसोसिएशन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने बैठक ली। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि गंगोत्री मंदिर समिति अपने स्तर से भी गंगा आरती का प्रसारण करने वाले चैनल से बातचीत कर सकती है साथ ही गंगोत्री व यमुनोत्री मंदिर समिति अपनी वेबसाइट भी तैयार करें। अगर तैयार करने में कोई परेशानी है तो जिला प्रशासन वेबसाइट को अच्छा बनाने में मदद करेगा।
उन्होंने कहा कि इस वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालु धामों में पूजा करने की एडवांस बुकिंग करा सकेंगे तथा ऑनलाइन के जरिए भी कर सकेंगे। गंगोत्री मंदिर समिति की मांग पर जिलाधिकारी ने कहा कि गंगोत्री मंदिर के परिसर को वाईफाई से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने सभी मोबाइल व इंटरनेट की सेवा देने वाली कंपनियों के साथ बैठक करने की बात कही।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में पॉलीथिन पर प्रसाद नहीं दिया जाएगा। इस पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी ने गंगोत्री व यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव को निर्देश जारी किए। पॉलीथिन के स्थान पर गत्ते का बॉक्स व स्थानीय रंगाल से बनी टोकरियों में प्रसाद देने का सुझाव दिया। प्रसाद में भी स्थानीय उत्पादों को शामिल करने को कहा।
इसके साथ ही उन्होंने यमुनोत्री पैदल मार्ग पर घोड़ा, खच्चर, डंडी-कंडी की व्यवस्था को संचालित करने के लिए प्रीपेड व्यवस्था लागू करने के निर्देश जिला पंचायत के मुख्य अधिकारी को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि वैष्णोदेवी में जिस तरह से घोड़े-खच्चर व अन्य व्यवस्थाएं हैं उसी तर्ज को अपनाएं। जिससे घोड़ा, खच्चर, डंडी-कंडी संचालक यात्रियों से अधिक पैसा न वसूल सके तथा मनमानी न कर सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ददनपाल, एडीएम पीएल शाह, नितिका खंडेलवाल, पीएस पंवार, जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी देवेन्द्र पटवाल, शैलेन्द्र मटूड़ा, दीपेन्द्र पंवार आदि मौजूद थे।

अंग्रेजी शराब की 600 पेटी के साथ हरियाणा के दंपति गिरफ्तार

0

जिले की बेरीनाग पुलिस ने हनीमून मनाने जा रहे नव दंपति की कार से 600 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पकड़े गए दंपति का कहना है कि उनकी तीन माह पहले शादी हुई थी और वे हनीमून मनाने उत्तराखंड के रास्ते नेपाल जा रहे थे। उनके पास इतनी बड़ी मात्रा में शराब होने संबंधित किसी कागजात के न होने पर पुलिस ने अवैध शराब रखने के जुर्म दोनों दंपतियों का चालान कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बेरीनाग पुलिस मंगलवार को यहां बना बैंड के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अल्मोड़ा की तरफ से आ रही टोयटा कोरोला कार को पुलिस ने जब रोका तो चालक तेजी से कार चला कर भागने लगा।
कार के इस तरह भागने से पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने अपने वाहन से कार का पीछा किया और एक किमी दूर उसे पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें अंग्रेजी शराब की 600 बोतलें बरामद हुई।
कार में अनिल कुमार निवासी बहादुरगढ़ हरियाणा और उसकी पत्नी सोनिया थीं। पूछताछ में दोनों के दंपति होने का पता चला। पुलिस ने कार को सीज कर दिया है।
दंपति के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस से पूछताछ में आरोपी अनिल कुमार ने बताया कि उनकी शादी तीन माह पूर्व हुई थी। इस बार उन्होंने होली से पूर्व मुनस्यारी और नेपाल में हनीमून मनाने का इरादा था। इसके लिए वाहन में शराब भी रख ली थी।

प्लास्टिक से एलपीजी बनाने वाले पिथौरागढ़ के दीपक को मिलेगा राष्ट्रपति पुरस्कार

0

उत्तराखंड के बेटों और बेटियों ने सभी स्तरों पर अपने हुनर का जलवा बिखेरा है। इसी कड़ी में एक और नाम जुड़ गया है डाॅक्टर दीपक पंत का। डाॅक्टर दीपक पंत ने विश्व के पर्यावरण के लिए खतरा बन चुके प्लास्टिक का इस्तेमाल कर एलपीजी (गैस) तैयार किया है। उनके इस आविष्कार के लिए उन्हें विजिटर-2017 के राष्ट्रपति पुरस्कार से नवाजा जाएगा। इस पुरस्कार में एक लाख रुपये और एक ट्राॅफी दी जाती है।

आपको बता दें कि डाॅक्टर पंत मूल रूप से पिथौरागढ़ के रहने वाले हैं और फिलहाल हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित केंद्रीय विवि में पर्यावरण विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष एवं डीन हैं। डाॅक्टर दीपक पंत ने इसे प्लास्टिक के कचरे को एलपीजी में बदलने में कामयाबी मिली है। प्लास्टिक के कचरे से एलपीजी बनाने के तरीके का आविष्कार करने के चलते उन्हें विजिटर-2017 का राष्ट्रपति पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई है।

गौरतलब है कि प्लास्टिक आज हमारे दिनचर्या में इस तरह शामिल हो गया है कि हम चाहकर भी इससे पीछा नहीं छुड़ा पा रहे और नतीजन बिना जाने हम बहुत सी बीमारियों को न्यौता दे रहे। इसके बचने के लिए कोई उपाय न होने से यह पर्यावरण के लिए एक बड़ा खतरा बन गया है।आपको बता दें कि एक आम इंसान रोजाना 120 ग्राम प्लास्टिक का इस्तेमाल करता है जिससे 100 ग्राम एलपीजी बनाया जा सकता है। डॉ. पंत को विज्ञान एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए अभी तक 20 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। उनकी 10 किताबें भी प्रकाशित हो चुकी है।

प्लास्टिक कचरे के निपटारे के लिए आमतौर पर ठोस एसिड उत्प्रेरक विधि का प्रयोग किया जाता है। डॉ. पंत ने आरंभिक प्रयोगों में ठोस एसिड के स्थान पर एलुमिनिया की तरह कुछ अक्रिय मृदा पदार्थ एवं द्रव एसिड का प्रयोग किया। इसके बाद बेकार प्लास्टिक को 125-130 डिग्री सेल्सियस तापमान पर उबालने पर तेल प्राप्त हुआ। इस प्रक्रिया में संशोधन कर एलपीजी तैयार किया गया।

शुरू हुआ भारत-नेपाल संयुक्त सैन्य अभ्यास

0

भारत-नेपाल संयुक्त चौदह दिवसीय सैन्य अभ्यास सूर्यकिरण मंगलवार से शुरू हो गया है। इसमें दोनों देशों के सैनिक आतंकवाद विरोधी अभियानों के अनुभवों को साझा करेंगे। इस दौरान पर्वतीय इलाकों में आतंकवाद रोकने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।बतातें चले कि भारत और नेपाल की सेनाओं का यह 11वां संयुक्त अभियान है। अभ्यास में भारतीय सेना की एक इन्फैंट्री बटालियन तथा इतनी ही तादाद में नेपाल सेना शामिल होगी। इस संयुक्त अभ्यास में दोनों देशों में लंबे समय से चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियानों के अनुभवों को आदान-प्रदान किया जाएगा।
साथ ही मानवीय सहायता, आपदा राहत, हाई एल्टीट्यूड क्षेत्रों में युद्ध कला आदि पहलुओं पर भी फोकस रहेगा। यह अभ्यास 20 मार्च तक चलेगा। इसे भविष्य में दोनों देशों के बीच परंपरागत मित्रता की मजबूती के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है।

अंतरास्ट्रीय योग कैपिटल ऋषिकेश को स्मार्ट सिटी बनाने की मुहीम होने लगी तेज़,सोलर एनर्जी के लिए मोदी ग्रुप ने बढ़ाये हाथ

देश के जाने माने औद्योगिक घराने मोदी परिवार के स्मार्ट ग्रुप के एट्रप्रेनॉर डॉ मोदी ने ऋषिकेश में अपने नए प्रतिस्ठान स्मार्ट योगा रिट्रीट की शुरुवात कर दी है। जिसमे आधुनिक सुविधाओ के साथ साथ योग की प्राचीन विधाओ को सिखाया जा रहा है जिसमे योग क्लासेस का कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। डॉ एम् का कहना है कि स्मार्ट ग्रुप योग की कैपिटल में अपने प्रतिस्ठान में देश के जाने-माने योग गुरुओ को लेकर आ रही है जो यहाँ पर अपनी योग कलाओ को निशुल्क सिखाएंगे साथ ही स्मार्ट योग में अन्य जो वार्ड क्लास सुविधाएं देश विदेश से आने वाले योगा साधको को मिलेगी उसका शुल्क योग रिट्रीट लेगा।डॉ एम् ने बताया कि स्मार्ट ग्रुप फिल्म ,सिटी डेवलेपर और योग में काम कर रहा है हमारा ड्रीम प्रोजेक्ट है। अंतरास्ट्रीय योग कैपिटल ऋषिकेश को स्मार्ट सिटी बनाने का जिसके लिए हमने अपना प्रोजेक्ट तैयार कर लिया है।उत्तराखंड की नयी सरकार के साथ मिल कर स्मार्ट ग्रुप सोलर सिटी के रूप में ऋषिकेश को विकसित करना छठ है ।जिस से विश्व के लोगो को ऋषिकेश योग कैपिटल में प्रदूषण मुक्त हवा के साथ साथ सभी आधुनिक सुविधाएं मिले जिसका प्लान तैयार हो चूका है।नयी सरकार से इस विषय में जल्द बातचीत होगी। ऋषिकेश में अपने नए प्रतिस्ठान स्मार्ट योगा रिट्रीट में लोगों को बेहतर सेवा मुहैया कराने का लक्ष्य है जिसमें 100 से ज्यादा तरह के योग क्रियायों और आसनों के साथ साथ वर्ल्ड क्लास स्पा की भी सुविधा दी गई है। ये ऋषिकेश का पहला ऐसा प्रतिष्ठान होगा जिसमें आयुर्वेद, मैडिटेशन और भारत की प्राचीन नेचर थेरेपी की सुविधा अपनी ग्राहको को दी जायेगी।

मौसम विभाग ने 9 मार्च की रात से 36 घंटे तक मूसलाधार बारिश की संभावना जताई

0

मौसम विभाग ने 9 मार्च की रात से 36 घंटे तक मूसलाधार बारिश की संभावना जताई। देहरादून, टिहरी और हरिद्वार समेत कई जगहों पर अलर्ट।होली के उल्लास और सियासी गर्मी के बीच उत्तराखंड में मौसम कुछ राहत देगा। मौसम विभाग के के अनुसार राज्य में सात मार्च की रात से बारिश-बर्फबारी का सिलसिला शुरू होगा, जो 11 मार्च तक बना रह सकता है।

ऐसे में नौ मार्च को विधानसभा की कर्णप्रयाग सीट पर होने वाले मतदान और 11 मार्च को होने वाली मतगणना के दौरान प्रशासन को विशेष तैयारियां करनी होंगी। यही नहीं, होली तक तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है। इस बीच शनिवार को गंगोत्री में हल्की बर्फबारी हुई, जबकि उत्तरकाशी जिले में भटवाड़ी समेत कुछ स्थानों पर फुहारें पड़ीं। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार राज्य में रविवार और सोमवार को मौसम साफ रहेगा। लेकिन, एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड की ओर रुख कर रहा है और सात मार्च की रात से इसके यहां सक्रिय होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि आठ से 11 मार्च तक राज्य में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और तीन हजार मीटर व इससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। ऐसे में राज्य में ठंडक फिर से बढ़ सकती है और होली तक तापमान सामान्य से नीचे रहेंगे। यानी, तब तक ठंडक बनी रहेगी।

पांच सौ और एक हजार रुपये के पुराने नोट न स्वीकार करने पर रिजर्व बैंक व केंद्र को नोटिस

0

पुराने और प्रतिबंधित हो चुके पांच सौ और एक हजार रुपये के नोटों को स्वीकार न करने के खिलाफ दायर एक याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और रिजर्व बैंक को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने दस मार्च तक जवाब देने का निर्देश दिया है।
याचिका में मांग की गई है कि पांच सौ और एक हजार रुपये के पहुंचाने नोटों को 31 मार्च तक जमा करने के लिए सुप्रीम कोर्ट दिशानिर्देश जारी करे। याचिका में कहा गया है कि रिजर्व बैंक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आश्वासन के बावजूद 31 मार्च तक पुराने नोटों को स्वीकार करने से इनकार कर रहा है। पहले प्रधानमंत्री और रिजर्व बैंक ने आश्वासन दिया कि जो लोग 30 दिसम्बर 2016 तक पुराने नोट जमा नहीं कर पाए वो 31 मार्च 2017 तक पुराने नोट जमा कर सकते हैं लेकिन रिजर्व बैंक अब मना कर रहा है ।

आबकारी विभाग शराबबंदी के खिलाफ उच्चतम न्यायालय की शरण में

0

आबकारी विभाग प्रदेश के तीन जिलों में पूर्ण शराबबंदी के हाईकोर्ट के निर्देशों को अब सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए विभाग में तैयारियां चल रही है। माना जा रहा है कि पर्यटन और राजस्व का हवाला देते हुए विभाग सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगा।

बताते चले कि प्रदेश में बीते वर्ष दिसंबर में उत्तराखंड हाईकोर्ट ने एक मामले की सुनवाई करते हुए प्रदेश के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में पूरी तरह से शराबबंदी करने का फैसला दिया था। दरअसल, प्रदेश में हरिद्वार नगर क्षेत्र में पहले से ही शराबबंदी लागू है। इसके अलावा चारधाम के मुख्य मार्गों पर शराब की दुकानें प्रतिबंधित हैं।
प्रदेश में हाईकोर्ट ने जिन तीन जिलों में शराब को पूर्ण रूप से प्रतिबंध करने के निर्देश दिए, वहां विभाग के 42 शराब के ठेके हैं। इन ठेकों से विभाग को सालाना 80 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त होता है। दरअसल, इन तीन जिलों में चारधाम, यानी यमुनोत्री, गंगोत्री, बदरीनाथ व केदारनाथ स्थित हैं। इसके अलावा इन जिलों में कई पर्यटक व धार्मिक पर्यटन स्थल भी हैं। पर्यटकों से भी राजस्व विभाग को आय होती है।
प्रदेश में अप्रैल से नए ठेके खुलने हैं और इसके लिए विभाग तैयारियों में जुट गया है। सुप्रीम कोर्ट के एक निर्णय के तहत विभाग को पहले ही राष्ट्रीय राजमार्गों से ठेके पीछे सरकाने हैं। इससे भी विभाग राजस्व नुकसान की आशंका जता रहा है। हाईकोर्ट के इस फैसले से राज्य को बड़े राजस्व की हानि हो रही है। विभाग ने इसको देखते हुए उक्त कदम उठाने की तैयारी कर रहा है।

एक वर्ष से नहीं हुआ मनरेगा मजदूरी का भुगतान

0

मनरेगा में कार्यरत मजदूरों ने गुहार लगाई है कि उन्हें मनरेगा मजदूरी का भुगतान शीघ्र किया जाए। मजदूरों का कहना है कि विगत एक वर्ष से उन्हें मनरेगा मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ है।
मनरेगा मजदूरों की ओर से मजदूर दुर्लभ सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी को दिये प्रार्थना पत्र में बताया कि विकास खंड दशोली के रोपा ग्राम पंचायत में मनरेगा ग्रामीण मजदूरों को विगत एक वर्ष से मनरेगा कार्यों का भुगतान नहीं हुआ है। कहा कि गैर कृषि सीजन में मनरेगा वर्ग के मजदूरी से ही गरीब परिवार अपना परिवार चलाते है लेकिन साल भर से उन्हें मजदूरी नहीं मिली है।
मौसम ठीक न होने से फसल भी बर्वाद हो गई है। कई बार समय पर मनरेगा मजदूरी की गुहार की गई मगर भुगतान के बजाय केवल आश्वासन मिला। उन्होंने मजदूरों की ओर से गुहार लगाई है कि शीघ्र मनरेगा मजदूरों को मजदूरी का भुगतान किया जाए।

कर्णप्रयाग चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां तैयार

0

नौ मार्च को होने वाले कर्णप्रयाग विधान सभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 07 मार्च को 13 और 08 मार्च को 156 पोलिंग पार्टियां पुलिस मैदान गोपेश्वर से रवाना होंगी।

शांति पूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए 55 संब इंस्पेक्टर, 70 हेडकांस्टेबल, 289 कांस्टेबिल, 41 वन कर्मी, 464 होमगार्ड, 135 पीआरडी जवानों के अतिरिक्त 02 कंपनी पीएससी, 02 प्लाटून आईटीबीपी, 03 पुलिस राजपत्रित अधिकारी व एक पुलिस निरीक्षक की तैनाती की जायेगी।
कर्णप्रयाग विधान सभा क्षेत्र के लिए होने वाले चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था और शांतिपूर्ण मतदान के लिए तैनात फोर्स को पुलिस प्रेक्षक एके गवार, जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार सुमन तथा पुलिस अधीक्षक प्रीति प्रियदर्शनी ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
पुलिस प्रेक्षक ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सक्रियता और सजगता बनाये रखना जरूरी है। कहा कि पोलिंग बूथ मतदान सामग्री, मतदाता कर्मिक और मतदाताओं की सुरक्षा फोर्स की प्राथमिकता है। मतदेय स्थल पर सौ मीटर की परिधि पर मोबाइल फोन का प्रयोग व 02 सौ मीटर की परिधि में वाहनों की पार्किंग वर्जित रहेगी।