Page 598

डेंगू और स्वाइन फ्लू का डबल अटैक,स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 14 तक पहुंची

0

राज्य में स्वाइन फ्लू का कहर थमता दिखाई नहीं दे रहा है। यह बीमारी न सिर्फ एक के बाद एक कई लोगों को अपनी जद में ले रही है, बल्कि जानलेवा भी बन चुकी है। उत्तरकाशी चिन्यालीसौड़ की रहने वाली चार साल की एक बच्ची की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई। बच्ची का दून के वैश्य नर्सिंग होम में उपचार चल रहा था। ऐसे में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या अब 14 पहुंच गई है।

गुरुवार को स्वाइन फ्लू के तीन और मामले सामने आए हैं। इसमें एक बच्ची का इलाज वैश्य अस्पताल में चल रहा था। बीते नौ अगस्त को बच्ची की मौत अस्पताल में हो गई थी। हालांकि इसकी दो दिन बाद रिपोर्ट आई और जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। वहीं, रायपुर रांझावाला निवासी (32) वर्षीय महिला में भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। महिला मैक्स अस्पताल में भर्ती है।
इसके अलावा, दून अस्पताल में भर्ती धर्मपुर निवासी नौ वर्षीय लड़की में भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इस साल अभी तक स्वाइन फ्लू के 75 मामले सामने आ चुके हैं। वर्तमान में 26 मरीज विभिन्न अस्पताल में भर्ती हैं। जिसमें 11 हिमालयन अस्पताल, सिनर्जी में पांच, दून अस्पताल में दो, वैश्य में चार और कैलाश अस्पताल में चार मरीज शामिल हैं।

डेंगू की चार और मरीजों में पुष्टि
स्वाइन फ्लू के साथ ही अब डेंगू भी अपना असर दिखाने लगा है। गुरुवार को चार और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है इसमें दो मरीज डेंगू के हैं। इसके अलावा एक अन्य मरीज दून के बंजारावाला का रहने वाला है, जबकि चौथा मरीज जनपद चमोली से है। अभी तक डेंगू के 22 मामले आ चुके हैं। सबसे ज्यादा हरिद्वार जनपद के 16 मामले हैं। देहरादून में पांच और एक मरीज यूपी से है।

राज्य को मिलेंगी 908 महिला सिपाही

0

राज्य को जल्द 908 महिला सिपाही मिल जाएंगी। इनका प्रशिक्षण पूरा हो गया है और 19 से 24 सितंबर को होने वाली पासिंग आउट परेड के बाद इनकी जिलों में विधिवत तैनाती हो जाएगी। शुरुआत में इन्हें छह माह के प्रशिक्षण पर रखा जाएगा।

डीजीपी अनिल रतूड़ी ने बताया कि अब राज्य में महिला सिपाही की कमी नहीं रहेगी। अलग-अलग जिलों में प्रशिक्षण ले रही करीब 908 महिला सिपाहियों की ट्रेनिंग पूरी हो गई है। 19 अगस्त को हरिद्वार से पीओपी की शुरुआत होगी। इसके बाद 22 अगस्त को पुलिस लाइन देहरादून में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत पीओपी में भाग लेंगे। हरिद्वार में स्वयं डीजीपी अनिल रतूड़ी, चंबा में एडीजी अशोक कुमार और रुद्रपुर में एडीजी राम सिंह मीणा बतौर मुख्य अतिथि पीओपी में भाग लेंगे।
डीजीपी ने बताया कि राज्य में महिला सिपाहियों की संख्या अब पर्याप्त हो गई है। हर थाना और चौकी में इनकी तैनाती कर दी जाएगी। उधर, आइजी कार्मिक जीएस मार्तोलिया ने बताया कि ट्रेनिंग के बाद महिला सिपाहियों को जिलेवार तैनाती दी जाएगी। छह माह तक फील्ड ट्रेनिंग के बाद स्थायी नियुक्ति कर दी जाएगी। इसके लिए विकल्प मांगे गए हैं। इसी आधार पर तैनाती दी जा रही है। जहां महिला सिपाहियों की जितनी जरुरत हैं, वहां उतनी तैनाती की जा रही है।

स्वतंत्रता दिवस समारोह से नदारद 54 आईएएस से जवाब तलब

0

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में नदारद रहने वाले 54 आईएएस अधिकारियों से जवाब तलब किया गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के इस रवैये पर नाराजगी जताते हुए मुख्य सचिव को कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

गुरुवार को मुख्य सचिव एस रामास्वामी की ओर से इन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस दिए जाने वाले अधिकारियों में अपर सचिव से प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इसके साथ ही मुख्य सचिव ने सभी विभागों के प्रमुखों, जिलाधिकारियों और मंडलायुक्त से भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों की सूची तलब की थी, सूची मिलने के बाद इन अधिकारियों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

15 अगस्त को परेड मैदान में आयोजित राज्य के मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह से कई अधिकारी गायब थे। मुख्यमंत्री ने इस पर नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई के लिए कहा था। इसी क्रम में नोटिस जारी किए गए हैं। 

हरिद्वार मे विकास कामों को लेकर महाराज और डीएम की बैठक

0

पर्यटन, तीर्थाटन, धार्मिक मेले एवं संस्कृति मंत्री मा. सतपाल महाराज और जिलाधिकारी, हरिद्वार दीपक रावत के बीच विश्व प्रसिद्ध हरिद्वार तीर्थ नगरी को और प्रभावी रूप से यात्रियों के बीच लोकप्रिय बनाने के विषय को लेकर चर्चा हुई। मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि हरिद्वार में आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था और जनसैलाब को देखते हुए हरिद्वार के रेलवे स्टेशन तथा बस स्टैण्ड को पूर्णतः धार्मिक इमारत वाली झलक देकर कायाकल्प किया जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले प्रत्येक यात्री को बस स्टैण्ड और रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही यह अनुभव होना चाहिए कि वह किसी तीर्थ स्थान पर पहुंचा है। पवित्र नगरी होने के साथ-साथ हरिद्वार को स्वच्छतम नगरी भी बनाना है।

उन्होंने जिलाधिकारी को कहा कि राज्य में लागू नये हैरीटेज एक्ट के अनुसार जिले के भवनों इमारतों का रखरखाव पर ध्यान दिया जाये, एक्ट के अनुसार सभी होटलों को अनिवार्य रूप से पंजीकृत किया जाये। उत्तराखण्ड की संस्कृति और यहां के लोक व्यंजनों को देश विदेश तक पहुंचाने के लिए सभी होटलों के मेन्यू में उत्तराखण्डी भोजन को अवश्य शामिल कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी दीपक रावत ने मंत्री से मिले निर्देशों को शीघ्र जिले में लागू करने की बात कही।

उत्तराखंड के लक्ष्य सेन ने बुल्गारिया ओपन सीरिज की अपने नाम

0

बुल्गारिया में 14 से 17 अगस्त तक आयोजित प्रतिष्टित यूरेशिया बुल्गारियन ओपन 2017 का एकल ख़िताब जीतकर उत्तराखंड के लक्ष्य सेन ने देश का गौरव बढाया। फाइनल में लक्ष्य ने क्रोशिया के टूर्नामेंट के नंबर 2 सीड ज्वोनिमिर दुर्किन्जक को 18-21, 21-12 तथा 21-17 से हराकर एकल ख़िताब पर कब्ज़ा किया।

  • सेमी फाइनल मै लक्ष्य ने श्रीलंका के डिनुका करुँरातना को सीधे सेटों मै 21-19 व 21-14 से हराया।
  • क्वार्टर फाइनल मै लक्ष्य सेन ने पोल्लैंड के मिचल रोगाल्शी को 20-22,21-18 व 21-15 से हराया ।

दुनिया के जूनियर नंबर एक खिलाडी लक्ष्य ने पहले राउंड मै ही टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए नंबर एक सीड इंग्लैंड के सैम पारसंस को एकतरफा 21-17 व 21-9 से हरा दिया था I

लक्ष्य का देश से बाहर सीनियर वर्ग मै ये पहला ख़िताब हैः

इससे पूर्व लक्ष्य ने भारत मै हैदराबाद सीनियर इंटरनेशनल ख़िताब जीता था और इसी वर्ष पटना सीनियर नेशनल मै फाइनलिस्ट थे।प्रसन्नता जाहिर करते हुए उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष् अशोक कुमार ने कहा कि लक्ष्य का अगला लक्ष्य सुपर सीरीज का ख़िताब है।

लक्ष्य सेन के जबरदस्त प्रदर्शन पर उत्तराखंड बैडमिंटन परिवार , अल्मोड़ा बैडमिंटन परिवार तथा सभी खेल प्रेमिओ ने लक्ष्य तथा उनके कोच तथा पिता डी के सेन व साथ मै उनके प्रसिक्षण अकादमी के कोच प्रकाश पादुकोण व विमल कुमार सर को बधाई प्रेषित की और लक्ष्य के उज्जवल भविष्य की कामना की।

महिला को बंधक बना तमन्चे की नोक पर लूट

0

काशीपुर के रामनगर रोड स्थित गिरिजा विहार में घर में घुस कर बदमाशों ने मां-बेटे को बंधक बनाकर जमकर लूटपाट की। इस दौरान महिला ने बदमाशों से संघर्ष भी किया। महिला ने एक बदमाश की दांत से अंगुली काट दी, लेकिन बेटे की कनपट्टी पर तमंचा देख वह शांत हो गई।

बेतालघाट, नैनीताल निवासी नवीन बेलवाल, रानीखेत स्थित थ्री कुमाऊं रेजिमेंट आर्मी में हैं। उन्होंने करीब चार वर्ष पूर्व रामनगर रोड,ग्राम प्रतापपुर के गिरिजा बिहार कालोनी में मकान बनाया था। इसमें उनकी पत्नी प्रभा बेलवाल सात वर्षीय बेटे के साथ रहती हैं। मंगलवार रात घर का काम खत्म करके वह बेटे के साथ कमरे में सो गई। आधी रात के बाद करीब ढाई बजे तीन हथियारबंद नकाबपोश बदमाश बैठक की खिड़की खोलकर घर में घुस गए। साथ ही एक बदमाश ने महिला का गला दबाया और दूसरे ने मुंह।

इस दौरान प्रभा ने दांतों से एक बदमाश की अंगुली काट दी। महिला को काबू में ना आते देख एक बदमाश ने बेटे मयंक की कनपटी पर तमंचा रख दिया। इसके बाद महिला शांत हो गई। इसके बाद बदमाशों ने महिला के हाथ पैर बांध दिए। साथ ही महिला के गले से नकली मंगलसूत्र, हाथ में पहनी सोने की अंगूठी, आलमारी में रखे सोने के दो मंगलसूत्र, एक जोड़ी कान की टॉप्स, 20 हजार रुपये, एक छोटा मोबाइल और स्टेट बैंक का एटीएम लेकर फरार हो गए। प्रभा ने बताया की बदमाशों ने बेटे की कनपटी पर तमंचा रखकर एटीएम का पासवर्ड भी पूछ लिया। साथ ही दोनों को कमरे में बंद करके फरार हो गए। दूसरे फोन से प्रभा ने पास में रह रही मां मंजू बिष्ट को सूचना दी। उसने घर पहुंचकर दोनों को कमरे से बाहर निकाला। साथ ही पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।

बच्चों का अन्न भी चोरी

0

चोरों ने बच्चों की राशन को बी नहीं छोडा और स्कूल के बच्चों के मध्याहन भोजन की राशन भी चुरा ले गये। प्राथमिक विधालय शिवलालपुर में चोरों ने ताला तोड़कर हजारों रुपये का मध्याह्न भोजन का सामान चोरी कर लिया। चोरी की सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया।

शिवलालपुर प्राथमिक विधालय में रात को चोरों ने मध्याह्न भोजन के कक्ष का ताला तोड़ दिया। कक्ष से चोर मध्याह्न भोजन का सामान भगौने, कढ़ाई, 10 किलो चावल, पांच किलो दाल, बड़ी व मसाले चोरी कर ले गए। इसके साथ ही चोर स्कूल के दो कक्ष के ताले तोड़कर तीन कुर्सियां और टीएलएम सामग्री भी ले गए। सुबह विद्यालय पहुंची प्रधानाचार्य कंचन जोशी को चोरी की जानकारी हुई।

गंगा संरक्षण रथ यात्रा के 4 रथों को हरी झण्डी दिखाकार किया रवाना: सीएम

0
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने अपने आवास में नमामि गंगे परियोजना के अन्तर्गत गंगा संरक्षण रथ यात्रा के 04 रथों को हरी झण्डी दिखाकार रवाना किया।
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अन्तर्गत चारों धाम के मार्ग पर गंगा संरक्षण एवं जन जागरूकता हेतु इन 4 रथों का संचालन कपाट बंद होने तक किया जायेगा। प्रथम रथ हरिद्वार से बद्रीनाथ, द्वितीय रथ रूद्रप्रयाग से केदारनाथ, तृतीय हरिद्वार से गंगोत्री तथा चतुर्थ धरासू से यमुनोत्री तक नियमित भ्रमण करते हुए लोगो को गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे। इन रथों में एलसीडी स्क्रीन के साथ ही प्रचार साहित्य इत्यादि भी उपलब्ध रहेगा।
सीएम ने कहा की प्रधानमंत्री जी की गंगा की स्वच्छता और निर्मलता के प्रति जो प्रतिबद्धता है उसे पूरा करना है, गंगा के विशाल भूभाग में विस्तृत बेसिन में एक अभियान चला कर हमें गंगा को उसके प्राकृतिक स्वरूप में वापस लाना है। हमें गंगा को पूरी तरह प्रदूषण मुक्त करना है यह अभियान तब तक चलता रहेगा जब तक गंगा पूरी तरह स्वच्छ नहीं होगी। गंगा के प्रति लोगों की धार्मिक आस्था है। गंगा की महिमा अपरंपार कही गई है, इसे मोक्षदायिनी माना गया है। गंगा के प्रति करोड़ों हिंदुओं की आस्था के अतिरिक्त पूरी दुनिया में अनेक लोगों की भी आस्था है। असंख्य लोगों की गंगा के प्रति आध्यात्मिक दृष्टि है। हमें नमामि गंगा को सफल बनाना है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि गंगा संरक्षण रथ यात्रा अपने लक्ष्य में सफल होगी।
इस अवसर पर राज्य मंत्री स्वतन्त्र प्रभार श्री धन सिंह रावत, परियोजना निदेशक श्री राघव लंगर, जिलाधिकारी देहरादून श्री एस॰ए॰ मरूगेशन एवं गंगा विचार मंच के प्रदेश संयोजक लोकेंद्र बिष्ट भी उपस्थित थे।

शिक्षक कौस्तुभ होंगे राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित

0

पिथौरागढ़ जिले के राजकीय इंटर कालेज पत्थरखानी में तैनात शिक्षक कौस्तुभ जोशी को इस वर्ष राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चुना गया है। स्वतंत्रता दिवस पर उनके नाम की घोषणा की गई। उन्हें यह पुरस्कार पांच सितंबर को दिल्ली में राष्ट्रपति प्रदान करेंगे। प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत कौस्तुभ जोशी मूल रूप  से गणाईगंगोली तहसील के लाखतोली गांव के रहने वाले हैं। प्राइमरी विद्यालय नरू वाद्योल, राइंका गणाई गंगोली, राइका से इंटर तक की शिक्षा लेने के बाद उन्होंने एमएससी और बीएड की उपाधि पिथौरागढ़ महाविद्यालय से ली।

विभिन्न विद्यालयों में प्रवक्ता के पद पर सेवाएं देने के बाद सितंबर 2016 में उन्होंने राइंका पत्थरखानी में प्रधानाचार्य का पद संभाला। शिक्षण में इन्फार्मेशन एंड कंप्यूटर टैक्नालॉजी(आइसीटी) का बेहतरीन उपयोग करने के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चुना गया है। उन्होंने कक्षा 9 से 12 तक के बच्चों के लिए खुद की वेबसाइट तैयार की है। जिसका उपयोग देश के तमाम राज्यों के लोग कर रहे हैं। राज्य की पहली शिक्षक विज्ञान कांग्रेस में उन्हें उत्कृष्ट प्रोजेक्ट अवार्ड प्राप्त हो चुका है।

शिक्षकों ने की तालाबंदी

0

वेतन विसंगति दूर नहीं किए जाने से नाराज कनालीछीना विकास खंड के शिक्षकों ने बीईओ कार्यालय में तालाबंदी की और कार्यालय परिसर मे धरना दिया। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र वल्दिया की अगुवाई में शिक्षकों ने तालाबंदी के बाद धरना दिया।

धरना स्थल पर शिक्षकों ने कहा कि विकास खंड के शिक्षक लंबे समय से वेतन विसंगति के शिकार हैं। कई बार मांग करने के बाद भी विसंगति दूर नहीं की जा रही है। खंड में लंबित एरियर, पेंशन प्रकरण, विशेष डीएलएड परीक्षा उत्तीर्ण शिक्षकों की वेतन वृद्धि का लाभ, सर्विस बुक और जीपीएफ पासबुकों में लंबे समय से अंकना के कार्य लटके हुए हैं। विकास खंड के शिक्षकों से अशिष्ट व्यवहार किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों की इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो शिक्षक उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।