Page 470

आईएएस अधिकारी की बेटी ने लगाया आरोप

0

बेटी चला रही रिक्शा और पिता आईएएस अधिकारी, ये सुनकर आप चौक रहे होंगे! मगर इससे भी ज्यादा चौकाने वाली बात तो ये हैं कि बेटी ने अपने आईएएस अधिकारी पिता पर शोषण का आरोप लगाया है। ये खबर, इन दिनो बहुत ही चर्चा में है, सोशल मीडिया हो या फिर इलेक्ट्रनिक मीडिया सभी में सुर्खियों पर बनी इस खबर से पुरे प्रदेश में हडकम्प मचा हुआ है। आपको बता दें कि बीते दिनों उत्तराखंड के एक वरिष्ठ आई.ए.एस.अधिकारी की बेटी ने अपने पिता पर संगीन आरोप लगाये है ।

बेटी वर्तमान में राजस्थान के अजमेर में उच्च शिक्षा ग्रहण करने गई है और वहां अपना गुजर बसर करने के लिए घोड़ा गाड़ी चला रही है। नैनीताल की बसंती इन दिनों अजमेर में जींस और टी शर्ट में तांगा चलाकर अपना गुजारा करने में लगी है, ये कोई और नहीं बल्कि उत्तराखण्ड के आईएएस अधिकारी की बेटी है, जिसे कभी आईएएस अधिकारी ने गोद लिया था। मीडिया सूत्रों की माने तो हॉर्स राइडिंग में निपुण ये बेटी अजमेर में तांगा चलाकर गुजर बसर कर रही है, उसके पास अपना निजी घोड़ा है।

पिछले 6  दिन पहले, अजमेर आकर 30 हजार में एक घोड़ा गाड़ी को खरीद आज तक अजमेर की सड़कों पर घोड़ा चलाते हुए घोड़े का और खुद का पेट भरने में लगी है। हालांकि आईएेस की बेटी ने नैनीताल में हॉर्स मैनेजमेंट कोर्स में डिप्लोमा किया हुआ है यही वजह है कि घोड़ों के प्रति उनका शौक एक जुनून बन चुका है।
वहीं इस बारे में जब आईएएस अधिकारी से बात करनी चाही तो उनका मोबाईल बंद था, वहीं इलेक्ट्रनिक चैनल को दिये गये साक्षात्कार के अनुसार अधिकारी का कहना है कि, “उनकी बेटी की मानसिक स्थिति खराब है, जिसके लिए लम्बे समय उसकी काउन्सलिंग भी हुई थी, वहीं काफी समय तक उसे आस्ट्रेलिया भी भेजा गया था, लेकिन वापस लौटने पर कुछ समय तो वो सही रही फिर से दिमागी हालत बिगड़ने से वो घर से दूर हो गयी है, लेकिन उसके द्वारा लगाये गये आरोप बेबुनियाद है जो पुरी तरह से असत्य है।”

कमल जोशी की याद में हर्षिल से दून तक निकाली यात्रा

0

प्रसिद्ध फ्रीलांसर फोटोग्राफर व सामाजिक कार्यकर्ता कमल जोशी की स्मृति में ‘पहाड़’ संस्था से जुड़े लोगों द्वारा हर्षिल से दून ‘कजोहिया’ यानि की कमल जोशी हिमालय यात्रा निकाली गई।

सात सदस्यीय यात्रा दल के गाइड यशवंत पंवार के साथ 23 सितम्बर को हर्षिल से पैदल यात्रा शुरू की, जिसका समापन दो अक्टूबर को देहरादून में हुआ। यात्रा का पहला पड़ाव लाल देवता, दूसरा क्यारकोटी बुग्याल, तीसरा सूखाताल, चौथा लमखागा बेस था। लमखागा बेस पार कर यात्रा दल अपने पांचवे पड़ाव जमदार पहुंचा। छठा पड़ाव दुमाटी पार करने के बाद यात्रा दल सातवें पड़ाव छिटकुल पहुंचा। छिटकुल तक पैदल यात्रा करने के बाद यात्री दल बस से सांगला से शिमला होते हुए दो अक्टूबर को दून पहुंचा। दून पहुंचने पर ‘हैस्को,’ ग्राम शुक्लापुर में यात्रा दल का स्वागत हुआ व इस मौके पर बैठक का आयोजन किया गया।

यात्रा से जुड़े प्रो. शेखर पाठक ने कहा कि, “कमल जोशी एक जिंदादिल घुमक्कड़ थे। उनकी याद में निकाली गई यह एक अध्ययन यात्रा थी, जिसमें दुर्गम दर्रा लमखागा को पार किया। इसके अलावा चार बार वास्पा नदी के बर्फीले पानी को पार किया। यात्रा दल अब कमल जोशी की रचनात्मक कृतियों को पहाड़ की वेबसाइट पर डालेगा। उनकी फोटो प्रदर्शनी लगाई जाएगी, साथ ही हर जिले के युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।”

प्रदीप पांडे ने कहा कि, “यह यात्रा पर्यावरणीय, सामाजिक व सांस्कृतिक यात्रा थी। इस दौरान किन्नौर में जनसंवाद किया गया।” मनमोहन चिटवाल ने कहा कि, ‘कमल दा की घुमक्कड़ी याद में यह यात्रा की है।”

11 आईएएस और 7 पीसीएस अफसरों के तबादले एवं अतिरिक्त प्रभार

0

सूबे की टीएसआर सरकार ने एक बार फिर आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बार आईएस अधिकारियों को छांट-छांट कर पदभार दिए गए हैं। किसी का कद बढ़ाया गया है तो किसी के पर कतरे गए हैं।

  • आईएएस मनीषा पंवार को सरकारी प्रेस रुड़की का अतिरिक्त चार्ज
  • डॉ राजेश कुमार को अपर सचिव प्रेस का अतिरिक्त चार्ज
  • डीएम उधमसिंहनगर को निदेशक समाज कल्याण का अतिरिक्त चार्ज
  • डीएम उत्तरकाशी आशीष श्रीवास्तव बने अपर सचिव सीएम
  • सीडीओ पौड़ी विजय जोगदंड बने नगर आयुक्त दून
  • आशीष चौहान सीडीओ पिथौरागढ़ बने डीएम उत्तरकाशी
  • वंदना संयुक्त मजिस्ट्रेट नैनीताल से सीडीओ पिथौरागढ़
  • आईएएस अभिषेक रुहेला को जॉइंट मजिस्ट्रेट नैनीताल का चार्ज
  • मयूर दीक्षित जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की से सीडीओ अल्मोड़ा बनाये गए
  • आईएएस हिमांशु खुराना जॉइंट मजिस्ट्रेट रानीखेत बने
  • निकिता खंडेलवाल बनी जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की
  • जी.नगन्याल सीडीओ अल्मोड़ा से राजस्व परिषद दून
  • रवनीत चीमा भेजी गई सीडीओ पौड़ी
  • बीके मिश्रा सिटी मजिस्ट्रट हरिद्वार से एडीएम हरिद्वार
  • अभिषेक त्रिपाठी एडीएम प्रसाशन उपनिदेशक शहरी विकास बने
  • विप्रा त्रिवेदी को मिला उपनिदेशक शहरी विकास निदेशालय का अतिरिक्त चार्ज
  • के के मिश्र जनरल मैनेजर चीनी मिल बाजपुर साथ ही एमएनए काशीपुर का अतिरिक्त चार्ज
  • उत्तम सिंह चौहान बने विशेष भूमि अधिकारी, उधमसिंह नगर

दिवाली के बाद अखाड़ा परिषद जारी करेगा फर्जी बाबाओं की दूसरी लिस्ट

0

हरिद्वार। हरिद्वार में अखाड़ा परिषद की अहम बैठक हुई। जिसमें दिवाली के बाद फर्जी संतों की दूसरी सूची जारी करने का फैसला लिया गया। परिषद ने कहा कि संत समाज के चर्चा के बाद दूसरी लिस्ट जारी की जाएगी। बैठक में 13 अखाड़ों के संतम मौजूद रहे। बैठक में कर्इ मुद्दों पर मंथन किया गया। अखाड़ा परिषद की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए श्री महंत नरेंद्र गिरी ने कहा कि दिवाली के बाद देश में फर्जी संतों की दूसरी सूची जारी की जाएगी।

श्री पंचायती बड़ा उदासीन अखाड़ा निर्वाण राजघाट कनखल में सोमवार को आयोजित बैठक में पांच अक्तूबर से अनिश्चित कालीन अनशन शुरू करने का निर्णय लिया गया। हालांकि प्रतीकात्मक रूप से मंगलवार को एक घंटे के लिए अनशन की शुरुआत हो जाएगी। श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन कनखल के महंत मोहनदास कोठारी की 16 सितंबर की रात ट्रेन से जाते हुए गायब हो गए थे। 16 दिन बीतने के बाद भी महंत का अतापता नहीं चल सका है।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के बुलावे पर सोमवार को राजघाट कनखल स्थित श्री पंचायती बड़ा उदासीन अखाड़ा में संतो की बैठक बुलाई गई। बंद सभागार में संतों ने तीन घंटे से ज्यादा समत तक बैठक की। बैठक के बाद पत्रकार वार्ता के दौरान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि ने बताया कि महंत मोहनदास की बरामदगी को लेकर संत समाज पांच अक्तूबर को शाम चार बजे से हरकी पैड़ी पर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि मंगलवार को चार बजे संत हरकी पैड़ी पहुंचकर हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर अनशन को प्रतीकात्मक रूप से शुरु कर देंगे। उन्होंने कहा कि पूरा संत समाज महंत मोहनदास के लिए चिंतित है।

दुर्गम क्षेत्र के सरकारी प्राइमरी स्कूल के टीचर का कमाल,बना डाली स्कूल की वेबसाइट

0
फोटोः कृष्णा रावत

ऋषिकेश। उत्तराखंड की बदहाल शिक्षा प्रणाली एवं विषम भौगोलिक परिस्थिति यहां के नौनिहालों के लिए अच्छी शिक्षा का सपना सपना ही रह जाता है ऐसे में अगर हम उत्तराखंड के सरकारी प्राइमरी स्कूल की वेबसाइट की बात करें तो यह बात किसी के गले नहीं उतरती।उत्तराखंड में शिक्षा महकमा सबसे बड़ा और सबसे महत्वपूर्ण महकमा माना जाता है लेकिन यहां की शिक्षा की स्थिति किसी से भी नहीं छिपी है, ऐसे में अपने स्कूल के प्रति समर्पित अध्यापक कैसे शिक्षा को सूचना क्रांति के युग से जोड़ देता है इसका सटीक उदाहरण है राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुथया के अध्यापक प्रमोद कुमार चमोली का जिन्होंने सड़क मार्ग से कटे अति दुर्गम क्षेत्र में स्थित अपने स्कूल की सारी गतिविधियों ,कार्यक्रमों और छात्रों की संख्या ,उपलब्धि के बारे में वेबसाइट बनाकर सूचना क्रांति से जोड़ दिया। प्रमोद कुमार चमोली का कहना है कि यह वेबसाइट समाज से कटे अति दुर्गम स्कूल की सारी सूचनाएं एक क्लिक पर ही उपलब्ध करा देगी जिससे यहां पढ़ रहे बच्चों को नई पहचान मिलेगी। प्रमोद चमोली की इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं अध्यापक ढालवाला के मॉडल स्कूल में इकट्ठा हो कर राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुथया की वेबसाइट का औपचारिक शुभारंभ किया। प्रमोद चमोली के इस प्रयास को सरकारी प्राइमरी स्कूलों के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया जिसे देखकर अन्य स्कूल भी सूचना क्रांति से जुड़ पाएंगे, एक टीचर के प्रयास स्कूल के हालात बदलने शुरू कर दिए हैं साथ ही स्कूल में चल रही गतिविधियों को समाज तक पहुंचाने के लिए एक वेबसाइट बनाकर नई शुरुआत कर दी है जिससे उत्तराखंड की प्राइमरी शिक्षा का हाल और जानकारी समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगी।

घोटाले बाजों की जेल में मनाई जा सकती है दिपावली

0

उधमसिंह नगर। एनएच-74 मुआवजा घोटाले की जांच निर्णायक दौर में पहुंच गई है। साक्ष्य संकलन का कार्य काफी हद तक किया जा चुका है। अब गिरफ्तारी में भी अधिक समय नहीं बचा है। जांच की रफ्तार यहीं रही तो इस मामले में आरोपी कई अफसरों की दीपावली जेल में कट सकती है। एसआइटी कभी भी चार्जशीट दाखिल कर आरोपियों को हिरासत में ले सकती है। अंदर खाने इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।

एनएच-74 मुआवजा घोटाले में जसपुर व काशीपुर तहसील की जांच पूरी कर ली गई है। बाजपुर की जांच अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। एसआइटी तीन तहसीलों की जांच के उपरांत नतीजे तक पहुंचती दिखाई दे रही है। सामने दिखाई दे रहे परिणाम के चलते एसआइटी अंदर खाने एक्शन मोड में आ चुकी है। साक्ष्य संकलन के कार्य को गति प्रदान करते हुए उसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। दिन रात एक करते हुए जांच के पर्चे काटने का काम इन दिनों चल रहा है।

सूत्रों की मानें तो एसआइटी ने कुछ लोगों को चिह्नित कर लिया है। जिनके हाथ जसपुर से लेकर बाजपुर तक घोटाले में सने हुए नजर आए हैं। जिसके चलते उनको कागजों में लपेटने का कार्य तेज कर दिया गया है, ताकि उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित हो सके। एसआइटी उसमें कोई ऐसा सुराख नहीं छोड़ना चाहती है, जिसका लाभ उठाकर सरकारी खजाने की लूट में शामिल लोग बच सकें। इसके लिए एसएसपी स्वयं पूरे मामले पर अपनी नजर गड़ाए हुए है।

मुआवजा घोटाले की जांच को लेकर शासन भी लगातार अपनी नजर बनाए है। एसआइटी की प्रगति की आख्या भी ली जा रही है। एसआइटी जांच के घोटाले को अंजाम देने वालों के गिरेबां तक पहुंचने के बाद कार्रवाई भाजपा की भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस की घोषणा को प्रमाणित करेगा। मुआवजा घोटाले की जांच के अंतिम चरण तक पहुंचने के साथ ही इससे जुड़े लोगों को जान का खतरा जैसी बातें उछलने लगी हैं। माना जा रहा है कि जांच का वैक्यूम तो इन धमकियों का कारण नहीं बन रहा। इसका पता तो एसआइटी द्वारा की जाने वाली पहली गिरफ्तारी से ही साफ हो जाएगा।
सदानंद दाते, एसएसपी ऊधमसिंह नगर ने बताया कि जांच निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है। दो तहसील में जांच का कार्य पूरा कर लिया गया है। तीसरी तहसील की जांच अंतिम चरण तक पहुंच गई है। जांच पूरी कर विधिक राय लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

20 अक्टूबर को बंद होंगे गंगोत्री के कपाट

0

उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने का शुभ मुहूर्त भी तय हो गया है। धाम के कपाट चार गते यानी 20 अक्टूबर को धनु लग्न व अभिजित नक्षत्र के संयोग में सुबह 11.40 बजे बंद किए जाएंगे। इसके बाद देश-विदेश के श्रद्धालु मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखीमठ (मुखवा) में उनके दर्शन कर सकेंगे। बता दें कि श्री बदरीनाथ, केदारनाथ व यमुनोत्री धाम के कपाट बंद की तिथि व मुहूर्त वियजादशमी पर्व पर तय हो चुके हैं।

गंगोत्री धाम के कपाट बंद करने का शुभ मुहूर्त सोमवार को तीर्थ पुरोहितों की मौजूदगी में निकाला गया। इसके बाद मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने कपाट बंद होने के शुभ मुहूर्त की औपचारिक घोषणा की।

सेमवाल ने बताया कि गंगोत्री धाम के कपाट भैयादूज के पहले दिन अन्नकूट के अवसर पर बंद होते हैं। बताया कि 20 अक्तूबर को सुबह 8.30 बजे मां गंगा का मुकुट उतारा जाएगा और फिर निर्वाण दर्शन होंगे। मंत्रोच्चार के बीच मां की मूर्ति के महाभिषेक के बाद हवन, पूजा-अर्चना के साथ कपाट बंद कर दिए जाएंगे।

इससे पूर्व मां गंगा की उत्सव डोली को मंदिर परिसर से बाहर निकाला जाएगा। इसमें मां सुबह 11.55 बजे अपने शीतकालीन पड़ाव मुखवा के लिए प्रस्थान करेंगी। रात्रि विश्राम चंडेश्वरी देवी मंदिर (मार्कंडेय मंदिर) में करने के बाद 21 अक्तूबर को डोली मुखवा पहुंचेगी। मुखवा में मेहर रेजीमेंट का बैंड मां की आगवानी करेगा।

मासूम से दुष्कर्म का प्रयास, लोगों ने आरोपी को पकड़कर धुना

0

पौड़ी गढ़वाल। जनपद में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि कोटद्वार में एक मासूम बच्ची को भी एक व्यक्ति ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों एवं हिन्दूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोपी को पकड़कर जमकर पिटाई की। उसके बाद पुलिस को सौंप दिया।

कोटद्वार के आमपड़ाव -मानपुर में नाई की दुकान करने वाले रियाजुद्दीन ने चार साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इसका पता चलते ही गांव वालों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और उसे जमकर पीटा। इस बीच किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली उप-निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

दो दिवसीय जनपद स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता संपन्न

0

गोपेश्वर। क्रीड़ा विभाग चमोली द्वारा स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर में आयोजित बालक व बालिकाओं की दो दिवसीय टेबल टेनिस (टीटी) प्रतियोगिता संपन्न हो गई है।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में संपन्न बालक एकल वर्ग की टीटी प्रतियोगिता के कैडेट एकल वर्ग में फाइनल मैच में क्राइस्ट एकेडमी कोठियालसैण के तनिष्क खेतवाल ने उत्तराखंड पब्लिक स्कूल गोपेश्वर के पीयुष पंवार को 11-06, 11-07 से पराजित किया, सब-जूनियर के फाइनल मैच में उत्तराखंड पब्लिक स्कूल के अनमोल तिवाड़ी ने आदर्श विद्या मंदिर गोपेश्वर के हर्षित ध्यानी को 11-09, 05-11 एवं 11-09 से पराजित किया। जबकि जूनियर एकल वर्ग के फाइनल में उत्तराखण्ड पब्लिक स्कूल के आदित्य नेगी ने पीस पब्लिक स्कूल गोपेश्वर के दिव्याशुं पुरोहित को 11-08 एवं 11-06 से पराजित कर बालक एकल वर्ग की जनपद स्तरीय टेबल-टेनिस प्रतियोगिता का खिताब अपने-अपने नाम किया।
इसी तरह बालिका कैडेट एकल वर्ग के फाइनल मैच में जीजीएचएस नैग्वाड की दीक्षा शाह ने उत्तराखंड पब्लिक स्कूल गोपेश्वर की स्नेहा नेगी को 11-07 एवं 11-08 से पराजित किया, सब-जूनियर एकल वर्ग के फाइनल मैच में नेशनल पब्लिक स्कूल गोपेश्वर की पूनम चौधरी ने उत्तराखंड पब्लिक स्कूल गोपेश्वर की रुचि राणा को 11-06 एवं 11-10 से पराजित किया। जबकि जूनियर एकल वर्ग के फाइनल में आर्दश विद्या मंदिर गोपेश्वर की अनामिका गडिया ने जीजीएचएस नैग्वाड की अंजलि को 11-06 एवं 11-07 से पराजित कर बालिकाओं की टेबल-टेनिस प्रतियोगिता के खिताब अपने-अपने नाम किए।
फाइनल मैचों में निर्णायक की भूमिका में रिया डिमरी, संतोषी नेगी, प्रकाश सती, संतोष सती एवं लता झिक्वांण रहे। प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सहायक निदेशक मत्स्य जीएस बिष्ट तथा मनरेगा लोकपाल शेखर रावत द्वारा संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया गया।

चाइनीज उत्पादों के बहिष्कार के लिए संघ समविचारी मंच चला रहा अभियान

0

देहरादून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रेरित संगठन स्वदेशी जागरण मंच सहित अन्य हिन्दू संगठनों द्वारा दीपावली पर चायनीज सामानों के बहिष्कार के लिए जनजागरूकता अभियान चला कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
स्वदेशी जागरण मंच के प्रदेश संयोजक सुरेन्द्र सिंह ने एक भेटवार्ता में बताया कि मंच की ओर से राज्य भर में चीनी उत्पादों के विरोध में अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में चीन की चुनौती और हमारा कर्तव्य नाम की पुस्तक को वितरणा कर ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।
देहरादून सहित अन्य शहरों में चाइनीज सामानों के बहिष्कार के लिए जगह-जगह अभियान चलाकर लोगों को चाइनीज गुणवत्ता के बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सामानों के साथ-साथ देश के प्रति चीनी चाल के बारे में लोगों को बताया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बाजार में जाकर व्यापारियों से भी बात की जा रही है कि विदेशी उत्पादों की बिक्री न करें। यदि स्वदेशी सामान की बिक्री बढ़ेगी तो इससे रोजगार में इजाफा होगा। स्वदेशी उत्पादों के कारोबार में भी इजाफा होगा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी हिन्दू संगठनों द्वारा दिपावली में चाइनीज उत्पादों को लोगों से खरीददारी नही करने की अपील की गई थी जिसका असर व्यापार पर पड़ा था। इस वर्ष भी पहले से ही व्यापारियों को आगाह किया जा रहा है कि चाइनीज सामनों को बाजार न लाए।
चाइनीज उत्पादों को लेकर हिन्दू संगठनों द्वारा जगह-जगह चानइीज उत्पादों का पूतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। साथ ही चाइनीज सामानों की गुणवत्ता के बारे में जानकारी दी जा रही है। खासतौर पर दिवाली पर चाइनीज लड़ियों व पटाखों को लेकर विशेष जानकारी दी जा रही है। शहरों में कैंडल मार्च सहित पुस्तकों के माध्यम से विदेशी सामानों के बहिष्कार के लिए मुहिम चलाया जा रहा है। इसके लिए संघ की ओर से युवाओं को अधिक-अधिक से प्रेरित करने पर ध्यान केन्द्रित किया जा रहा है। इसके लिए नगर के कॉलेजों, चौक चौराहे पर विद्यार्थियों को बताया जा रहा है कि चाइनीज सामान का बहिष्कार करें।